इलेक्शन

बर्धमान दुर्गापुर लोकसभा सीट: कीर्ति आजाद बनाम दिलीप घोष, किसके सितारे होंगे बुलंद?

बर्धमान दुर्गापुर लोकसभा सीट पश्चिमी बंगाल की चर्चित सीटों में से एक है। इस सीट से भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों ने ही अपने प्रत्याशी बदले हैं। यहां से भाजपा के दिलीप घोष और टीएमसी के कीर्ति आजाद चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं।

Image

बर्धमान दुर्गापुर सीट का हाल

Bardhaman-Durgapur Loksabha Election 2024: बर्धमान दुर्गापुर लोकसभा सीट पश्चिमी बंगाल की 42 सीटों में से एक है। 2009 में इस सीट का गठन हुआ। यहां अब तक तीन बार लोकसभा चुनाव हो चुके हैं। इस सीट से एक-एक बार तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और माकपा ने जीत का परचम लहराया है। वर्तमान में यहां भाजपा की सत्ता है। बर्धमान दुर्गापुर सीट पर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। दोनों ही पार्टी ने इस बार यहां से अपने उम्मीदावर को बदला है। यहां दिलीप घोष और कीर्ति आजाद चुनावी मैदान में आमने सामने हैं। अब 4 जून को चुनाव के परिणाम आने के बाद पता चलेगा कि किसके सिर पर जीत का ताज सजेगा।

इस सीट से कौन हैं कैंडिडेंट

बर्धमान दुर्गापुर लोकसभा सीट से भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इस सीट से मौजूदा सांसद एसएस अहलुवालिया हैं। भाजपा ने इस सीट से अपना उम्मीदावर बदल दिया है। इस बार बीजेपी ने दिलीप घोष को यहां से टिकट दिया है, वहीं एसएस अहलुवालिया को आसनसोल से उम्मीदवार बनाया है। तृणमूल कांग्रेस ने भी बर्धमान दुर्गापुर सीट से अपना प्रत्याशी बदला है। टीएमसी ने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को मैदान में उतारा है।

  • दिलीप घोष - बीजेपी
  • कीर्ति आजाद - टीएमसी
  • प्रभु नाथ साह - बसपा
  • मीर सकीमुद्दीन - राष्ट्रीय रोड मैप पार्टी ऑफ इंडियाॉ
  • सुकृति घोषल - भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)
  • तस्बीरुल इस्लाम - सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट)
  • रीना लिओंग - निर्दलीय
  • लक्ष्मी नारायण कोरा - निर्दलीय

कीर्ति आजाद

कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद उर्फ कीर्ति आजाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं। वे साल 1983 की वर्ल्ड कप की विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं। कीर्ति आजाद ने साल 2014 में बीजेपी की टिकट पर बिहार के दरभंगा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था और सांसद बने थे। वे 2019 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। कांग्रेस ने उन्हें पिछले चुनाव में झारखंड की धनबाद सीट से उम्मीदवार बनाया था। लेकिन बीजेपी के पशुपति नाथ सिंह ने उन्हें शिकस्त दी थी। साल 2021 में कीर्ति आजाद ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। टीएमसी ने उन्हें इस बार बर्धमान-दुर्गापुर सीट से उम्मीदवार बनाया है।

दिलीप घोष

दिलीप घोष बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। वे लंबे समय तक बंगाल भाजपा के अध्यक्ष का कार्यभार संभाल चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में मेदिनीपुर सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। लेकिन इस बार उनकी सीट बदल दी गई है। बीजेपी ने इस बार के चुनाव में बर्धमान-दुर्गापुर सीट से दिलीप घोष को मैदान में उतारा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article