इलेक्शन

जालौर लोकसभा सीट: वैभव गहलोत बनाम लुंबाराम चौधरी, कौन तय करेगा संसद का रास्ता?

राजस्थान की जालौर सीट पर सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। इस सीट पर 20 सालों से भाजपा की सत्ता रही है। इस बार भाजपा ने लुंबाराम चौधरी पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस ने वैभव गहलोत को उम्मीदवार बनाया है।

Image

जालौर लोकसभा सीट का हाल

Jalore Lok Sabha Election 2024: राजस्थान की जालौर-सिरोही लोकसभा सीट से इस बार रोचक मुकाबला होने वाला है। इस सीट से कांग्रेस और बीजेपी की सीधी टक्कर है। इस सीट से मौजूदा सांसद भाजपा के देवजी पटेल हैं। लेकिन इस बार भाजपा ने देवजी पटेल का टिकट काटकर नए प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। जालौर सीट एक समय में कांग्रेस का गढ़ रही है। लेकिन साल 1999 के बाद से कांग्रेस को इस सीट पर जीत नहीं मिली है। वहीं बीजेपी पिछले 20 सालों से यहां राज कर रही है। बीजेपी 2004 के बाद से लगातार चार बार चुनाव जीत चुकी है। ऐसे में कांग्रेस के लिए इस सीट से चुनौती कम नहीं है। अब 4 जून को मतगणना के बाद पता चलेगा कि कांग्रेस जालौर सीट पर बीजेपी की सिलसिलेवार जीत के रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब होगी या भाजपा पांचवी बार यहां से जीत हासिल करेगी।

जातीय समीकरण

जालौर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 22.89 लाख है। यह अनुसूचित जाति-जनजाति बाहुल्य क्षेत्र है। इनके वोटर्स की संख्या 8 लाख से अधिक है। सामान्य वर्ग में कलबी वोटर्स 3 लाख, देवासी वोटर्स 2.10 लाख, मूल ओबीसी मतदाता 4 लाख, राजपूत-भोमिया मतदाता 1.50 लाख, सवर्ण मतदाता 3.20 लाख और मुस्लिम वोटर्स की संख्या 90 हजार है।

जालौर सीट से कौन हैं कैंडिडेंट

जालौर सिरोही लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अपना उम्मीदवार बदल दिया है। उन्होंने लगातार तीन बार यहां से सांसद रहे देवजी पटेल का टिकट काट दिया है और उनकी जगह इस सीट पर स्थानीय निवासी लुंबाराम चौधरी को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर वैभव गहलोत पर दांव लगाया है। जालौर सीट का रिकॉर्ड रहा है कि यहां से बाहरी प्रत्याशी से हमेशा जीत मिली है। ऐसे में वैभव गहलोत के लिए यह एक प्लस प्वाइंट हो सकता है।

  • वैभव गहलोत - कांग्रेस
  • लुंबाराम चौधारी - बीजेपी
  • मोती लाल - आजाद समाज पार्टी
  • ओटाराम - भारत आदिवासी पार्टी
  • फोजाराम - इंडियन पीपल्स ग्रीन पार्टी
  • टीकम राम भाटी - भीम आदिवासी कांग्रेस
  • दलाराम - निर्दलीय
  • देवराम - निर्दलीय
  • दिनेश सिंह - निर्दलीय
  • कालूराम मेघवाल - निर्दलीय
  • रमेश कुमार भंडारी - निर्दलीय
  • शकूर - निर्दलीय
ये भी पढ़ें - बीकानेर लोकसभा सीट: अर्जुन मेघवाल बनाम मेघवाल, कौन बनेगा सांसद और किसकी होगी राम-राम

वैभव गहलोत

वैभव गहलोत राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और कांग्रेस नेता हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में जोधपुर सीट से चुनाव लड़ा था। जिसमें वे बीजेपी के प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत से हार गए थे। इस बार वैभव गहलोत को कांग्रेस ने उनके गृहनगर जोधपुर की जगह जालौर से चुनावी मैदान में उतारा है।

लुंबाराम चौधरी

लुंबाराम चौधरी साल 1982 से राजनीति में सक्रिय हैं। वे सिरोही में भाजपा के दो बार जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वे पंचायत समिति के प्रधान और जिला परिषद के सदस्य भी रहे हैं। इस बार लुंबाराम चौधरी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उन्हें देवजी पटेल के स्थान पर जालौर सीट से प्रत्याशी बनाया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article