इलेक्शन

बीकानेर लोकसभा सीट: अर्जुन मेघवाल बनाम मेघवाल, कौन बनेगा सांसद और किसकी होगी राम-राम

बीकानेर लोकसभा सीट से दो कद्दावर नेता आमने-सामने हैं। बीजेपी ने चौथी बार अर्जुन राम मेघवाल को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल पर भरोसा जताया है।

Image

बीकानेर लोकसभा सीट का हाल

Bikaner Lok Sabha Election 2024: राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। इस सीट पर पिछले 20 सालों से बीजेपी की सत्ता काबिज है। साल 2004 से यहां बीजेपी जीत रही है। इस बार का यहां मुकाबला मेघवाल समुदाय के तीन नेताओं के बीच है। जिससे इस सीट का मुकाबला और भी रोचक हो चुका है। बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में वोटरों की संख्या करीब 20.43 लाख है। इनमें पुरुष वोटर्स 10.75 लाख और महिला वोटर्स 9.67 लाख हैं। जाति के आधार पर देखा जाए तो इस सीट पर मुख्य रूप से जाट, राजपूत, ब्राह्मण, बिश्नोई, एससी, ओबीसी और मुस्लिम समुदाय के वोटर्स हैं। बीकानेर लोकसभा सीट (Bikaner Lok Sabha Seat)पर चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुए थे। 4 जून को मतगणना के बाद पता चलेगा कि इस सीट पर किस नेता के खाते में जीत दर्ज होगी।

बीकानेर से कौन हैं कैंडिडेट

बीकानेर लोकसभा सीट से मेघवाल समाज के तीन-तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे गए हैं। केंद्र में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने लगातार चौथी बार अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) पर दांव लगाया है। वहीं कांग्रेस और बसपा ने भी मेघवाल कार्ड खेला है। कांग्रेस (Congress) ने गोविंद राम मेघवाल (Govind Ram Meghwal) को प्रत्याशी बनाया है। बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) ने खेता राम मेघवाल को इस सीट से टिकट दिया है।

  • अर्जुन राम मेघवाल - बीजेपी
  • गोविंद राम मेघवाल - कांग्रेस
  • खेता राम मेघवाल - बसपा
  • आत्मा राम गुजराती - निर्दलीय
  • बाबू लाल - निर्दलीय
  • गोपी चंद मेघवाल - निर्दलीय
  • पुखराज नायक - निर्दलीय
  • रतनी देवी - निर्दलीय
  • सत्यनारायण देवरा - निर्दलीय

अर्जुन राम मेघवाल

अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर लोकसभा सीट से बीजेपी के मौजूदा सांसद हैं। वे केंद्र सरकार में कानून मंत्री भी हैं। वे पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री, केंद्रीय जल संसाधन, गंगा विकास मंत्री समेत कई पदों पर रह चुके हैं। अर्जुन राम मेघवाल पूर्व आईएएस भी हैं। उन्होंने नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। जिसके बाद वे साल 2009 में बीकानेर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान उतरे और जीत हासिल की। अर्जुन राम मेघवाल ने मोदी लहर से पहले ही बीकानेर सीट से जीत दर्ज की और सांसद बने। उन्होंने साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में इसी सीट से चुनाव लड़ा और लगातार तीन बार जीत हासिल की। इस बार फिर से अर्जुन राम मेघवाल को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है। वे लगातार चौथी बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अर्जुन राम मेघवाल को साल 2013 में सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी दिया जा चुका है।

गोविंद राम मेघवाल

कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के अर्जुन राम मेघवाल के खिलाफ गोविंद राम मेघवाल को मैदान में उतारा है। वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं और गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। गोविंद राम मेघवाल साल 2003 में बीकानेर की नोखा विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे। साल 2018 में वे खाजूवाला सीट से चुनाव लड़कर विधायक बने। उन्होंने बतौर संसद सचिव के तौर पर भी काम किया है। वे साल 2003-2008 के दौरान राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article