UP BJP Candidates List 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होने वाले हैं। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। चुनाव में हिस्सा लेने वाली सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान लगातार कर रही हैं। बीजेपी ने मंगलवार (18 जनवरी 2022) को दूसरी लिस्ट जारी की। बीजेपी के केंद्रीय कमिटी ने पत्र जारी कर विधानसभा समेत उम्मीदवारों के नाम जारी किए।
बीजेपी केंद्रीय समिति ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बहेड़ी से छत्रपाल गंगवार और भोजीपुरा से बहोरनलाल मौर्य को उम्मीदवार बनाने की स्वीकृति प्रदान की है।
उधर आज बीजेपी के सबसे बड़े नेता और स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को वाराणसी के बीजेपी के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे लोगों को उनके एक-एक वोट की ताकत को समझाये। साथ ही उन्होंने कहा कि वह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसलिए कुछ पा रहे हैं क्योंकि लोगों ने उनको वोट दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां अपने संसदीय क्षेत्र के बूथ स्तरीय बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ नमो ऐप के जरिये संवाद किया। इस दौरान जिले और महानगर के 10,000 कार्यकर्ता उनके साथ डिजिटल माध्यम से हुई चर्चा में शामिल रहे और उन्होंने8 विधानसभा क्षेत्रों के 8 बूथ अध्यक्षों से बात की।
उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को 5वें चरण में 60 सीटों पर, 3 मार्च को 6ठे चरण में 57 सीटों पर और 7 मार्च को 7वें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा। वाराणसी में 7वें चरण में मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।

