बेटा मुख्यमंत्री को हराकर बना विधायक, मां अभी भी कर रही सरकारी स्कूल में स्वीपर का काम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 13, 2022, 12:28 PM IST

Labh Singh Ugoke: पंजाब की भदौर सीट से चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले आम आदमी पार्टी (BJP) के विधायक लाभ सिंह उगोके की मां अभी सरकारी स्कूल में स्वीपर का काम कर रही हैं।

बेटा मुख्यमंत्री को हराकर बना विधायक, मां अभी भी कर रही सरकारी स्कूल में स्वीपर का काम
Photo Credit: ANI

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक लाभ सिंह उगोके की मां बलदेव कौर ने शनिवार को भी सरकारी स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम किया, भले ही उनके बेटे ने विधानसभा का चुनाव जीत लिया है। भदौर सीट से निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को 37,550 मतों के अंतर से हराने वाले उगोके एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में काम करते थे।

लाभ सिंह की मां कौर ने कहा कि हमने हमेशा पैसा कमाने के लिए कड़ी मेहनत की है। मेरे बेटे की स्थिति चाहे जो भी हो, मैं स्कूल में अपना कर्तव्य निभाना जारी रखूंगी। आप उम्मीदवार के रूप में अपने बेटे की जीत से खुश कौर ने कहा कि 'झाड़ू' मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। भले ही उसने मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन हमें हमेशा विश्वास था कि मेरा बेटा जीतेगा।

स्कूल प्रिंसिपल अमृत पाल कौर ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि उगोके ने इसी स्कूल में पढ़ाई की है और उसने खूब नाम कमाया। उन्होंने कहा कि लाभ सिंह की मां पिछले काफी समय से इस स्कूल में स्वीपर का काम कर रही हैं। उसने भी इसी स्कूल में पढ़ाई की है। उन्होंने अपने गांव और स्कूल के लिए कई ख्याति अर्जित की है। कौर का कहना है कि वह स्कूल में काम करना जारी रखना चाहती हैं।

मजदूरी का काम करने वाले सिंह के पिता दर्शन सिंह ने कहा कि परिवार पहले की तरह रहेगा। वह चाहते हैं कि उनका बेटा परिवार के बजाय लोगों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करे। गांव के लोगों ने उसे चुना। हम चाहते हैं कि वह लोगों के कल्याण के लिए काम करें। हम वैसे ही जीते रहेंगे जैसे पहले हुआ करते थे।

उगोके 2013 में आप में शामिल हुए और पार्टी में तेजी से बढ़े। उन्होंने 2017 में भी भदौर सीट से आप का टिकट मांगा था। उनकी जीत से ग्रामीण खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि जिस उगोके को वे इतने लंबे समय से जानते थे कि वो अब विधायक बन गए हैं। एक गांव वाले ने कहा कि दिन-रात वह पार्टी के लिए काम करता था। हमने कभी नहीं सोचा था कि उसे पार्टी से टिकट मिलेगा और वह विधायक बनेगा। हम उसके लिए खुश हैं।

AAP ने पंजाब चुनावों में शानदार जीत हासिल की है, पार्टी ने 92 विधानसभा सीटें जीतकर अपने अधिकांश प्रतिद्वंद्वियों को हाशिए पर धकेल दिया है। 117 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत हासिल की है।

End of Article