यूपी चुनाव में BJP ने उतारी संगठन मंत्रियों की फौज, राजस्‍थान के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को वेस्‍ट यूपी की कमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 6, 2022, 09:02 AM IST

Uttar Pradesh assembly elections 2022 : राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात राज्‍य से हजारों की संख्‍या में प्रवासी कार्यकर्ता यूपी आ रहे हैं जो सभी 75 जिलों में संगठन को मजबूत करने, बूथ प्रबंधन का कामकाज देखेंगे।

यूपी चुनाव में BJP ने उतारी संगठन मंत्रियों की फौज, राजस्‍थान के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को वेस्‍ट यूपी की कमान

लखनऊ : मिशन-2022 में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव की तैयारी में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। चुनाव के लिहाज से सभी अहम पहलुओं पर उसकी नजर है। एक ओर भगवा पार्टी चुनाव प्रचार, संपर्क, और अभियान के जरिए वह लोगों तक पहुंच रही है। तो दूसरी तरफ संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन का कामकाज बेहतर करने एवं तालमेल बिठाने के लिए उसने सगंठन मंत्रियों की अपनी एक पूरी फौज उतार दी है। भाजपा ने सोशल मीडिया वॉलंटियर बनाने की योजना भी बनाई है। 

चंद्रशेखर को पश्चिमी यूपी की कमान
भाजपा ने राजस्‍थान के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को पश्चिमी यूपी की कमान सौंपी है। चंद्रशेखर काशी क्षेत्र और उसके बाद पश्चिमी यूपी के संगठन मंत्री रहे हैं और इस क्षेत्र को भलीभांति जानते हैं। वह ना केवल यहां के परिसीमन, बल्कि कार्यकर्ताओं से भी वाकिफ हैं। उन्‍हीं के नेतृत्‍व में बीजेपी ने 2017 के चुनाव में पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश में परचम लहाराया था। चंद्रशेखर को कुशल संगठक और सामंजस्‍य बनाने वाले संगठन मंत्री के रूप में जाना जाता है। उन्‍होंने जयपुर से मेरठ पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है और विधानसभावार बैठकें प्रारंभ कर दी हैं।

वहीं गुजरात के संगठन मंत्री रत्नाकर को काशी क्षेत्र में लगाया गया है। झारखंड के संगठन मंत्री धर्मपाल को काशी क्षेत्र में लगाया गया है। मध्य प्रदेश के सह संगठन मंत्री हितानंद को अवध क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। मध्य प्रदेश के संगठन मंत्री रहे अरविंद मेनन को पहले ही गोरक्ष क्षेत्र में लगाया।

प्रवासी कार्यकर्ता पहुंच रहे यूपी 
राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात राज्‍य से हजारों की संख्‍या में प्रवासी कार्यकर्ता यूपी आ रहे हैं जो सभी 75 जिलों में संगठन को मजबूत करने, बूथ प्रबंधन का कामकाज देखेंगे। प्रवासी कार्यकर्ताओं को लगाने के पीछे बीजेपी की सोच है कि गुटबाजी की वजह से चुनाव का काम प्रभावित ना हो।

सोशल मीडिया वॉलंटियर होंगे तैनात
भाजपा उत्‍तर प्रदेश ने सोशल मीडिया वॉलंटियर बनाने की योजना तैयार कर ली है। यूपी चुनाव में हर क्षेत्र, जिले और मंडल पर सोशल मीडिया वॉलंटियर तैनात होंगे। यह सोशल मीडिया वॉलंटियर फेसबुक, ट्विटर आदि पर भाजपा का प्रचार करने के साथ हवा का रुख समझेंगे और रणनीति बनाएंगे। भाजपा ने सोशल मीडिया वॉलंटियर के लिए बाकायदा आवेदन मांगे हैं और कोई भी इसके लिए रजिस्ट्रेशन कर सकता है। रजिस्ट्रेशन पूरे होने के बाद क्षेत्रों में वॉलंटियर्स मीट होगी।

End of Article