Lucknow:अखिलेश और मौर्या ने उड़ाई चुनाव आयोग व कोविड नियमों की धज्जियां, हजारों की भीड़ को किया संबोधित

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 14, 2022, 03:58 PM IST

आज स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा बीजेपी के कई विधायक समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इस दौरान कोविड नियमों और चुनाव आयोग के आदेशों की धज्जियां उड़ाई गई और हजारों की संख्या में लोग एकत्र हुए।

Lucknow:अखिलेश और मौर्या ने उड़ाई चुनाव आयोग व कोविड नियमों की धज्जियां, हजारों की भीड़ को किया संबोधित

लखनऊ: यूपी में चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो चुकी है , आज स्वामी प्रसाद मौर्य और बीजेपी के बाकी दूसरे बागी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए लेकिन इस मौके पर चुनाव आयोग के आदेशों और कोरोना नियमों को धज्जियां उड़ गईं। शक्ति प्रदर्शन के नाम पर समाजवादी पार्टी के दफ्तर हजारों की भीड़ जुटी। 15 जनवरी तक यूपी में रैली पर रोक है लेकिन फिर भी अखिलेश यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य ने हजारों की भीड़ को संबोधित किया। वर्चुअल रैली के नाम पर हजारों की भीड़ एकत्र की गई।  इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा भाजपा के जो विधायक सपा में शामिल हुए उनमें हैं-

  1. भगवती सागर-BJP MLA 
  2. विनय शाक्य - BJP MLA 
  3. रौशन लाल वर्मा - BJP MLA 
  4. डॉ मुकेश वर्मा - BJP MLA 
  5. बृजेश प्रजापति - BJP MLA
  6. अमर सिंह चौधरी ( अपना दल) MLA

क्या हैं चुनाव आयोग के नियम

निर्वाचन आयोग ने देश में कोविड-19 महामारी की पृष्ठभूमि में पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के दौरान आगामी 15 जनवरी तक जनसभाओं, साइकिल एवं बाइक रैली और पदयात्राओं पर रोक लगाई हुई है। इसके साथ ही, उसने कोविड से सुरक्षा के सदर्भ में कड़े दिशानिर्देश भी जारी किए। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को 16 सूत्री दिशानिर्देश जारी किए थे उसमें सार्वजनिक सड़कों और चौराहों पर नुक्कड़ सभा करने पर रोक लगाई है, हालांकि सीमित संख्या में लोगों के घर-घर पहुंचकर प्रचार करने की अनुमति दी है। चुनाव नतीजों के बाद विजय जुलूस निकालने पर भी रोक होगी।

क्या कहा था आयोग ने

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा था कि सभी राज्यों को यह हलफनामा देना होगा कि वे सभी दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। कोविड दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने वाले कानूनी कार्रवाई के भागी होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सैनिटाइजर और मास्क जैसी कोविड से बचाव की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और कोविड की स्थिति को देखते हुए मतदाता केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

End of Article