Captain Machchhar Health Update: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 174 जिंदगियां बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार अब कैसे हैं? यह भारत समेत दुनियाभर के तमाम लोग जानना चाहते हैं। देशभर में उनकी सेहत को लेकर पूजा-पाठ का आयोजन हो रहा है। इस बीच, यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को स्मित मच्छार की सेहत से जुड़ा अपडेट जारी किया है।
दूतावास ने बताया कि भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की स्वास्थ्य स्थिति अच्छी है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की।
सऊदी से UAE किया गया एयरलिफ्ट
दूतावास ने कहा, ''कैप्टन मच्छार स्वस्थ हैं और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।'' दूतावास ने यह भी कहा कि वह कैप्टन के इलाज और उनकी सेहत को सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। बताया जा रहा है कि कैप्टन मच्छार को सऊदी अरब के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से एक दिन बाद उन्हें यूएई एयरलिफ्ट किया गया और उनका इलाज किया जा रहा है।
को-पायलट से भिड़ गए स्मित
फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन स्मित ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे को-पायलट से भिड़ गए। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि, इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चाकू लगा, खून बहा फिर भी नहीं डिगे कैप्टन स्मित, 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' से होंगे सम्मानित; देशभर में हो रही विशेष पूजा
खून से लथपथ स्मित ने बचाया
खून से लथपथ कैप्टन स्मित मच्छार को-पायलट को काबू में पाने की कोशिश करते रहे और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, ताकि यात्रियों की मदद से को-पायलट पर काबू पाया जा सके और हुआ भी ऐसा ही। यात्रियों और क्रू ने को-पायलट पर काबू पाने की कोशिश की। इस विमान में 174 लोग सवार थे।
दुनिया ने माना कैप्टन स्मित का लोहा
भारत, इजरायल से लेकर दुनियाभर में कैप्टन स्मित की असाधारण वीरता की प्रशंसा हो रही है। भारतीय राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को सच्चा हीरो करार दिया।
