एजुकेशन

Serbia में क्या है विदेशी छात्रों के लिए पढ़ाई का नियम, जानें किस वीजा से मिलेगी एंट्री

Serbia से उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले भारतीय छात्रों के लिए यह जानना जरूरी है कि वहां स्टूडेंट वीजा के कितने प्रकार हैं। साथ ही उन्हें अपनी पढ़ाई के लिए किस वीजा की आवश्यकता है और इसके लिए क्या नियम और दिशा-निर्देश हैं। आइए जानते हैं विस्तार से...

Image

Serbia में क्या है पढ़ाई का नियम (Photo - AI/Newsroom Verifed)

Serbia Student Visa: दक्षिण-पूर्वी यूरोप (बाल्कन क्षेत्र) में स्थित Serbia यूरोपीय देशों में हायर एजुकेशन प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले भारतीय और अन्य विदेशी छात्रों के लिए तेजी से उभरकर क्वालिटी एजुकेशन के लिए एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। बेलग्रेड यूनिवर्सिटी और नोवी साद यूनिवर्सिटी जैसे शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों, किफायती ट्यूशन फीस और यूरोप के अन्य देशों की तुलना में कम रहने के खर्च के कारण यह देश विदेशी छात्रों को खूब आकर्षित कर रहा है। यदि आप भी सर्बिया की किसी यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन, मास्टर्स या मेडिकल (MBBS) की पढ़ाई करने का मन बना रहे हैं, तो वहां के वीजा नियमों, प्रवेश पात्रता और आवेदन की पूरी प्रक्रिया को समझना आपके लिए बेहद जरूरी है। क्योंकि कई बार एडमिशन प्राप्त करने के बाद भी कई छात्र छोटी सी गलती के कारण वहां जाकर पढ़ाई नहीं कर पाते हैं और विदेश के शिक्षा प्राप्त करने का उनका सपना, सपना ही रह जाता है।

किस वीजा से मिलेगी सर्बिया में स्टडी एंट्री?

सर्बिया में पढ़ाई के लिए जाने वाले विदेशी छात्रों को उनके कोर्स की समय-अवधि के आधार पर वीजा दिया जाता है। जी हां, यहां केवल एक स्टडी वीजा नहीं है, बल्कि दो प्रकार के स्टडी वीजा है। यह आपके कोर्स और उसकी समय अवधि पर निर्भर करता है कि आपको किस वीजा की आवश्यकता है।

टाइप 'D' वीजा

टाइप D वीजा उन छात्रों के लिए है, जिन्होंने 90 दिनों से अधिक अवधि वाले फुल-टाइम डिग्री कोर्स (जैसे- 3 से 4 साल का बैचलर्स, 2 साल का मास्टर्स या 6 साल का MBBS) में एडमिशन प्राप्त किया है। सर्बिया पहुंचने के बाद इसी लॉन्ग-टर्म Type D Visa के आधार पर छात्र स्थानीय पुलिस प्रशासन/अथॉरिटी से अस्थायी निवास प्रमाण पत्र (Temporary Residence Permit - TRP) प्राप्त करते हैं, जो हर साल तक रिन्यू होता है, जब तक आपका कोर्स पूरा नहीं हो जाता है।

टाइप 'C' वीजा

अब बात करें टाइप सी वीजा की जो यह वीजा मुख्य तौर पर उन छात्रों के लिए होता है, जिनके कोर्स की अवधि 90 दिनों से कम होती है। कम समय वाले शॉर्ट-टर्म डिप्लोमा, समर स्कूल, एक्सचेंज प्रोग्राम या लैंग्वेज कोर्स की शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले विदेशी छात्रों को टाइप सी वीजा दिया जाता है।

क्या है एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया

- बैचलर्स/MBBS के लिए 12वीं में न्यूनतम 50% से 60% अंक।

- मास्टर्स के लिए संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री।

सर्बिया में पढ़ाई के लिए छात्रों को भाषा की अनिवार्यता पूरा करनी होती है। अधिकांश अंतरराष्ट्रीय कोर्स (जैसे- मेडिकल और मैनेजमेंट) अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाए जाते हैं। यदि पढ़ाई का माध्यम अंग्रेजी है, तो बेसिक इंटरव्यू या यूनिवर्सिटी का भाषा टेस्ट पास करना होता है (IELTS/TOEFL हमेशा अनिवार्य नहीं होता)। इसके साथ ही भारत सरकार एवं NMC के नियमों के तहत यदि आप सर्बिया से MBBS करके भारत में प्रैक्टिस करना चाहते हैं, तो 12वीं में PCB के साथ NEET क्वालीफाई होना अनिवार्य है।

वीजा आवेदन हेतु आवश्यक डॉक्यूमेंट्स

वैध पासपोर्टकम से कम 10 साल के भीतर जारी हुआ और पर्याप्त समय के लिए मान्य पासपोर्ट।
विश्वविद्यालय का एडमिशन/इनविटेशन लेटरसर्बियाई यूनिवर्सिटी से आधिकारिक तौर पर जारी स्वीकृत पत्र।
शैक्षणिक दस्तावेज10वीं, 12वीं या ग्रेजुएशन की मार्कशीट और सर्टिफिकेट (विदेश मंत्रालय द्वारा Apostille और अंग्रेजी/सर्बियाई अनुवादित)।
प्रूफ ऑफ फंडछात्र के पास सर्बिया में रहने और पढ़ने के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध होना चाहिए (बैंक स्टेटमेंट में आमतौर पर न्यूनतम €5,000 से €6,000 प्रति वर्ष का फंड दिखाना होता है)।
हेल्थ इंश्योरेंससर्बिया में मान्य मेडिकल एवं ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी।
रेजिडेंट प्रूफहॉस्टल अलॉटमेंट लेटर या रेंट एग्रीमेंट।
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC)आपराधिक रिकॉर्ड न होने का प्रमाण पत्र।

स्टेप-बाय-स्टेप एडमिशन और वीजा प्रक्रिया

स्टेप 1 - सर्बिया के शिक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटीज में अपने पसंदीदा कोर्स का चयन करें।

स्टेप 2 - यूनिवर्सिटी के आधिकारिक पोर्टल पर अपनी मार्कशीट, पासपोर्ट कॉपी और आवश्यक कागजात अपलोड करके आवेदन करें।

स्टेप 3 - यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित ऑनलाइन वीडियो इंटरव्यू पास करने के बाद आपको 'Letter of Acceptance' मिलेगा।

स्टेप 4 - ऑफर लेटर में दिए गए विवरण के अनुसार पहली किश्त/ट्यूशन फीस का भुगतान करें।

स्टेप 5 - सभी शैक्षणिक कागजात को अपोस्टिल (Apostille) करवाकर सर्बियाई दूतावास/वीजा सेंटर में टाइप 'D' स्टूडेंट वीजा के लिए अप्लाई करें।

स्टेप 6 - वीजा मिलने के बाद सर्बिया पहुंचे और 30 दिनों के भीतर स्थानीय पुलिस स्टेशन में रजिस्ट्रेशन कराकर अपना स्टूडेंट रेजिडेंस परमिट (TRP) बनवाएं।

छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

विदेश जाने के लिए सभी शैक्षणिक कागजात और PCC को MEA से अपोस्टिल करवाना न भूलें। यह अति आवश्यक और ध्यान रखने वाली बात है। इसके साथ ही पर्याप्त बैंक बैलेंस रखें। नहीं तो बैंक बैलेंस और स्पष्ट स्पॉन्सरशिप न होने पर वीजा खारिज हो सकता है। वीजा के लिए अप्लाई करते हुए सभी नियमों का सही से पालन करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article