UPTAC BTech Counselling 2026: उत्तर प्रदेश टेक्निकल एडमिशन काउंसलिंग ने बीटेक स्पेशल राउंड एडमिशन के लिए संभावित खाली सीटों (Tentative Vacancy) की सूची जारी कर दी है। जो उम्मीदवार स्पेशल राउंड-1 के जरिए बीटेक में दाखिला लेना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा कॉलेज और ब्रांच में उपलब्ध सीटों की जानकारी देख सकते हैं। काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार, स्पेशल राउंड-1 के दूसरे चरण का रजिस्ट्रेशन आज यानी 10 अगस्त 2026 को समाप्त हो जाएगा। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें अंतिम समय से पहले अपनी प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद उम्मीदवार 12 अगस्त 2026 तक अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच का चयन कर सकते हैं। सीट आवंटन पूरी तरह उम्मीदवार की रैंक, उपलब्ध सीटों और भरी गई पसंद के आधार पर किया जाएगा। इसलिए चॉइस फिलिंग करते समय कॉलेजों और शाखाओं का क्रम सोच-समझकर तय करना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Choice Filling और Choice Locking में क्या है अंतर? एडमिशन से पहले समझ लें
13 अगस्त को आएगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट
UPTAC की ओर से स्पेशल राउंड-1 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 13 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें आगे की प्रवेश प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी। इसी दिन अगले स्पेशल राउंड के लिए खाली सीटों की जानकारी भी जारी की जा सकती है।
कौन ले सकता है स्पेशल राउंड में हिस्सा?
स्पेशल राउंड में वही उम्मीदवार भाग ले सकते हैं, जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। जिन अभ्यर्थियों को पहले किसी राउंड में सीट मिल चुकी थी और उन्होंने उसे वापस (Withdraw) नहीं किया है, वे इस स्पेशल राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे।
UPTAC Counselling 2026 Special Round Counselling Schedule
- स्पेशल राउंड-1 के पहले चरण का पंजीकरण पूरा हो चुका है। जिन उम्मीदवारों को पहले किसी राउंड में सीट मिल चुकी है और जिन्होंने उसे वापस (Withdraw) नहीं किया है, वे इस स्पेशल राउंड में भाग नहीं ले सकेंगे।
- स्पेशल राउंड-1 के दूसरे चरण के लिए पंजीकरण 9 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इसी अवधि में उम्मीदवारों को 20,000 रुपये का स्पेशल राउंड शुल्क भी जमा करना होगा।
- दस्तावेजों का सत्यापन (Document Verification) 9 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसके बाद उम्मीदवार 9 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन (Choice Filling) कर सकेंगे।
- स्पेशल राउंड-1 का सीट आवंटन परिणाम 13 अगस्त 2026 को घोषित किया जाएगा। ध्यान रहे कि इस चरण में जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। इसी दिन स्पेशल राउंड-2 के लिए खाली सीटों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
उम्मीदवार सबसे पहले UPTAC काउंसलिंग की आधिकारिक वेबसाइट uptac.samarth.edu.in पर जाएं। वहां स्पेशल राउंड रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके अपने लॉगिन विवरण दर्ज करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित शुल्क जमा करें।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद दोबारा लॉगिन करके चॉइस फिलिंग करें। अपनी पसंद के अनुसार कॉलेज और ब्रांच का क्रम तय करें, सभी विकल्पों की अच्छी तरह जांच लें और अंत में उन्हें लॉक करके आवेदन जमा कर दें।
जल्द पूरी करें प्रक्रिया
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग का काम अंतिम समय तक न टालें। समय रहते सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी प्राप्त करें। इससे किसी भी तरह की तकनीकी परेशानी या गलती से बचा जा सकेगा।
