क्रिकेट

कौन हैं अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के हीरो मोहित उल्वा?

जानिए कौन हैं पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम को खिताबी जीत दिलाने वाले मोहित उल्वा? किसने और कब पहचानी उनकी क्रिकेट की प्रतिभा? ऐसा रहा है मोहित का करियर और सफर?

Image

मोहित उल्वा (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: टीम इंडिया ने पाकिस्तान को मस्कट के अल अमेरात मैदान पर खेले गए एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में एक विकेट के करीबी अंतर से मात देकर नौवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। पाकिस्तानी टीम ने 252 रन पर 8 विकेट चटकाने के बाद आखिरी ओवरों में जीती बाजी गंवा दी। पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीनने में अहम भूमिका मनल चौहान और मोहित उल्वा की जोड़ी ने निभाई। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 57 (35) रन की साझेदारी करके टीम इंडिया को 300 रन के पार पहुंचा दिया।

अंतिम ओवरों में पार कराई टीम इंडिया की नैय्या

48वें ओवर में मनल चौहान छक्का जड़ने की कोशिश में कैच दे बैठे। इस साझेदारी में मनल ने 26 (17) और मोहित ने 31 (18) रन का योगदान दिया। अंत में जीत के लिए बाकी बचे 30 रन का सफर मोहित ने सी वेंकटा के साथ पूरा किया। दोनों ने 10वें विकेट के लिए 30* (16) रन की साझेदारी करके भारत को यादगार जीत दिला दी। दसवें पायदान पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित 49(26) रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी मैच जिताऊ पारी में 5 चौके और तीन छक्के जड़े और टीम की खिताबी जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) भी चुने गए।

सौराष्ट्र के लिए खेलते हैं घरेलू क्रिकेट

मोहित उल्वा का जन्म 30 नवंबर 2007 को गुजरात में हुआ था। वो दाएं हाथ के मध्यम तेज गति के गेंदबाज और बल्लेबाज हैं। भारतीय अंडर-19 टीम में उनकी भूमिका मुख्य रूप से गेंदबाज की है। हालांकि उनकी पहचान ऑलराउंडर की है और इस बात को उन्होंने एशिया कप के फाइनल में दबाव की स्थिति में अपनी शानदार बल्लेबाजी से साबित कर दिया। सौराष्ट्र की जूनियर टीमों के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम में अपनी जगह बनाई।

पिता ने पहचानी बेटे की प्रतिभा

मोहित के पिता रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में कार्यरत हैं। मोहित ने अपने गांव में टेनिस बॉस से क्रिकेट खेलने की शुरुआत की। पिता ने बेटे के अंतर क्रिकेट की छिपी प्रतिभा को पहचाना और उनका दाखिला जामनगर की क्रिकेट बांगला कोचिंग में दाखिला कराया। जहां उन्होंने महेंद्र सिंह चौहान से ट्रेनिंग लेनी शुरू की। ये वही कोच हैं जिन्होंन रवींद्र जडेजा को भी कोचिंग दी है।

कोच की सलाह पर बने स्पिनर से पेसर

मोहित ने ऑफ स्पिनर के रूप में अपने शुरुआत की थी। कोचिंग में उनके बॉडी स्ट्रक्चर को देखकर कोच महेंद्र सिंह ने उन्हें तेज गेंदबाजी करने की सलाह दी ये बदलाव उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। जूनियर वर्ग में सौराष्ट्र के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए वो भारत की अंडर-19 टीम में अपनी जगह बना पाने में सफल रहे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में छोड़ी छाप

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया घरेलू सीरीज में उन्होंने यूथ टेस्ट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। मैच में तीन विकेट चटकाने के साथ उन्होंने अर्धशतक भी जड़ा। तीन मैच की वनडे सीरीज में 5 विकेट उन्होंने अपनी झोली में डाले इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें एशिया कप के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिल गई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article