UP Board Topper Prachi Nigam : उत्तर प्रदेश 10वीं और 12वीं के रिजल्ट के साथ बोर्ड ने टॉपर्स की लिस्ट भी जारी की है। इस बार टॉपर्स की लिस्ट में साल 2024 में मैट्रिक परीक्षा में परचम पहराने वाली प्राची निगम (Up Board 10th 2024 Topper Prachi Nigam) फिर से सुर्खियों में आ गईं, जब उन्होंने इस साल 2026 में कक्षा 12वीं की परीक्षा में 91.20 प्रतिशत नंबर्स के साथ एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित कर दी। सीतापुर की रहने वाली प्राची ने एक बार फिर साबित कर दिखाई कि उन्हें अपने लक्ष्य से कितना प्यार है साथ ही वे किसी की आलोचना से डरती नहीं है। अपनी 12वीं कक्षा की परीक्षा में, प्राची ने कई विषयों में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसमें गणित (99%), हिंदी (96%), रसायन विज्ञान (95%) और भौतिक विज्ञान (93%) शामिल हैं। हालांकि अंग्रेजी में बहुत अच्छी पकड़ ना होने की वजह से वे 73 नंबर्स हासिल कर पाईं। रिजल्ट आते ही प्राची का वही इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया था।
क्या बनना चाहती हैं प्राची?
Live Hindustan की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्राची ने बताया कि वे JEE जैसी इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कर रही थी और शायद यही अंग्रेजी में उनके खराब प्रदर्शन की वजह हो सकती है। उनका लक्ष्य हमेशा से इंजीनियर बनना रहा है। इससे पहले भी प्राची तब सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 600 में से 591 नंबर्स लाकर पहला स्थान हासिल किया था। हालांकि उन्हें अपनी सफलता के लिए जहां एक तरफ खूब तारीफें मिलीं, वहीं अपने चेहरे के बालों की वजह से उन्हें ऑनलाइन ट्रोल भी किया गया।
जब जबरदस्त ट्रोल हुईं प्राची
तब प्राची ने कहा था कि UP में परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मुझे लेकर ट्रोलिंग का सिलसिला शुरू हो गया। जहां कुछ लोग मुझे ट्रोल कर रहे थे, वहीं कुछ लोग मेरा समर्थन भी कर रहे थे। मैं उन सभी का धन्यवाद करती हूं। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा था कि भगवान ने मुझे जैसा भी बनाया है, मैं खुश हूं।
'चाणक्य को भी ट्रोल किया गया था'
BBC के साथ बातचीत में प्राची ने कहा था कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप इसमें कोई कमी देखते हैं क्योंकि चाणक्य को भी ट्रोल किया गया था लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की। मैं भी इसकी परवाह नहीं करती। प्राची ने वायरल होने के बारे में बात करते हुए कहा कि अगर मेरे कुछ नंबर्स कम आए होते तो शायद मैं टॉप नहीं करती और इतनी मशहूर भी नहीं होती शायद वो स्थिति मेरे लिए बेहतर होती।
'मुझे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता '
मुझे इस स्थिति से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि मैं लंबे समय से इसका सामना कर रही हूं। लोग लड़कियों के चेहरे पर बाल देखकर अजीब महसूस करते हैं, क्योंकि उन्होंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा होता।' प्राची निगम का जीवन आज भी कई लोगों के लिए एक मिसाल है—न केवल अपनी उपलब्धियों के कारण, बल्कि उस दृढ़ता और संकल्प के कारण भी, जिसका परिचय उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया के दौरान दिया। जैसे-जैसे वह अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, वह दूसरों के लिए एक ऐसा उदाहरण बन रही हैं जो यह दर्शाता है कि प्रतिष्ठा से कहीं अधिक महत्व दृढ़ संकल्प का होता है।
