अहमदाबाद : ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की जान बच गई। 22 सितंबर को गोमतीपुर के सुखरामनगर के पास रिक्शा में जा रही महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। अस्पताल पहुंचने का समय नहीं था, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस और 108 की मेडिकल टीम ने सड़क पर ही डिलीवरी कराने का फैसला लिया।
सुखरामनगर चार रास्ते के पास ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों की नजर एक रिक्शा पर पड़ी। रिक्शा में बैठी महिला प्रसव पीड़ा से परेशान थी। स्थिति को देखते हुए महिला पुलिस कॉन्स्टेबल ने तुरंत 108 इमरजेंसी सेवा को फोन किया। कुछ ही देर में 108 की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। महिला की जांच के बाद मेडिकल स्टाफ ने बताया कि उसे अस्पताल ले जाने का समय नहीं है और तत्काल डिलीवरी कराना जरूरी है।
महिला पुलिसकर्मियों ने की मदद
इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही व्यवस्था संभाली। महिला पुलिसकर्मियों ने रिक्शे को चारों तरफ से चादरों से ढककर एक सुरक्षित घेरा बनाया, ताकि महिला की निजता भी बनी रहे और मेडिकल टीम डिलीवरी करा सके।
मेडिकल स्टाफ की मदद से रिक्शे में ही महिला की सफल डिलीवरी कराई गई और बच्चे का जन्म हुआ। डिलीवरी के बाद मां और नवजात को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें आगे की चिकित्सा सुविधा के लिए भर्ती कराया गया।
