फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल किया है, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी। बेहद कम बजट में बनी यह फिल्म अब 2026 की बड़ी सरप्राइज हिट बनकर सामने आई है। नीब करोरी बाबा के जीवन पर बनी इस फिल्म को रिलीज से पहले इंडस्ट्री से ज्यादा सपोर्ट नहीं मिला था। कई लोगों ने इसमें पैसा लगाने से भी इनकार कर दिया था। लेकिन फिल्म रिलीज हुई तो दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया और कमाई लगातार बढ़ती चली गई। अब फिल्म की को-प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने बताया है कि जो लोग पहले फिल्म से दूर हो गए थे, वही अब फोन कर बधाई दे रहे हैं और अपनी गलती के लिए माफी भी मांग रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-दिग्गज एक्टर Mushtaq Khan ने दुनिया को कहा अलविदा, फैंस को लगा झटका)
अनुप्रिया नागर ने किया खुलासा
सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत में अनुप्रिया नागर ने बताया कि अब कई प्रोड्यूसर्स खुद उनसे संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनसे मिलकर माफी मांगी और माना कि फिल्म को पहले सपोर्ट न करना उनकी बड़ी गलती थी। हालांकि, अनुप्रिया ने कहा कि वह उन लोगों को उनकी पुरानी सोच के लिए गलत नहीं मानतीं। उनके मुताबिक, उस समय फिल्म काफी छोटी थी और ऐसे प्रोजेक्ट पर भरोसा करना हर किसी के लिए आसान नहीं था। अब ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। शुरुआती दिनों में लाखों में कमाई करने वाली इस फिल्म ने अब भारत में 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हर हफ्ते नई फिल्मों के रिलीज होने के बावजूद इसकी कमाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। अब फिल्म की नजर 300 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है।
बताते चलें कि फिल्म हनुमान अंश ने ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘धमाल 4’ और ‘आवारापन 2’ जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में तीसरे नंबर पर बताई जा रही है। इससे आगे ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ हैं। सातवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई जारी है और अब देखना होगा कि क्या यह ‘बॉर्डर 2’ की कमाई के करीब पहुंच पाती है। आपने अभी तक फिल्म हनुमान अंश देखी है या नहीं हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं...
