Summer holidays in UP School: उत्तर प्रदेश के सरकारी और मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। भीषण गर्मी और हीट-वेव की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इस साल गर्मियों की छुट्टियों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। कार्यालय अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए नए आधिकारिक पत्र के मुताबिक, अब राज्य के सभी बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रण वाले और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 24 जून 2026 तक छुट्टियां रहेंगी। इसके बाद 25 जून 2026 से स्कूलों को दोबारा नियमित रूप से स्कूलों का संचालन किया जाएगा।
क्यों लिया गया छुट्टियों को बढ़ाने का फैसला?
आदेश के अनुसार, पारंपरिक रूप से उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अकादमिक कैलेंडर में हर साल गर्मियों की छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक दी जाती है। पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी भयंकर गर्मी और हीट-वेव के प्रकोप देखने को मिला। इसे देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह बड़ा कदम उठाया गया है और गहन विचार-विमर्श के बाद सरकार ने इस साल छुट्टियों की अवधि बढ़ाकर 20 मई से 24 जून 2026 तक करने का निर्णय लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UKMSSB Nursing Officer Recruitment 2026: उत्तराखंड में निकली नर्सिंग ऑफिसर की भर्ती, लाखों में सैलरी, यहां देखें डिटेल्स
शिक्षकों के लिए 3 दिन पहले खुल जाएंगे स्कूल
भले ही छात्रों के लिए स्कूल 25 जून से खुलेंगे, लेकिन शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए नहीं। उनके लिए स्कूल का संचालन 22 जून से हो जाएगा। बच्चों के स्कूल आने से तीन पहले इन्हें अनिवार्य रूप से स्कूल में उपस्थित रहना होगा। इन तीन दिनों के भीतर उन्हें बच्चों के स्वागत और पढ़ाई की शुरुआत के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण प्रशासनिक और प्रबंधकीय कार्य पूरे करने होंगे। इसमें स्कूल की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधा, अकादमिक, मिड-डे मील, डिजिटल और खेल सामग्री की तैयारी करनी होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -UP BEd JEE Result 2026 Toppers: यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित, अलीगढ़ की वंदना सिंह बनीं प्रदेश टॉपर
21 जून को मनेगा योग दिवस और RTE नियमों का पालन
छुट्टियों को आगे बढ़ाने की जानकारी के साथ इस आदेश में यह भी साफ किया गया है कि हर वर्ष की तरह इस साल भी 21 जून को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' के अवसर पर सभी विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे राइट टू एजुकेशन (RTE) एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करें, ताकि शैक्षणिक सत्र के दौरान प्राथमिक स्तर के विद्यालयों में साल भर में कम से कम 220 दिन पठन-पाठन का कार्य आवश्यक रूप से संपन्न हो सके।
