एजुकेशन

UGC NET December 2026 करेक्शन विंडो एक्टिव, उम्मीदवार 4 नवंबर तक अपने आवेदन पत्र में कर सकेंगे बदलाव

UGC NET December 2026 की आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनटीए द्वारा अब सुधार विंडो खोल दी गई है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म में आवश्यक सुधार कर सकते हैं।

Image

UGC NET December 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)

UGC NET December 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक 'यूजीसी-नेट दिसंबर 2026' (UGC NET December 2026) के लिए रजिस्टर करने वाले उम्मीदवारों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। एनटीए ने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन और त्रुटि सुधार के लिए 'करेक्शन विंडो' खोल दी है। जिन अभ्यर्थियों ने इस सत्र की परीक्षा के लिए सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की है और आवेदन के दौरान फॉर्म में कोई गलती हो गई है। वह आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उसमें सुधार कर सकते हैं। एनटीए की अधिसूचना के अनुसार, संशोधन की यह सुविधा 4 नवंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) सक्रिय रहेगी। चूंकि आवेदन में हुई किसी भी गलती के कारण एडमिट कार्ड जारी होने या भविष्य में पात्रता में अड़चन आ सकती है, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विवरण की गहनता से जांच करके उसे तुरंत अपडेट कर लें।

किन विवरणों में किया जा सकता है सुधार?

करेक्शन विंडो के दौरान उम्मीदवार निम्नलिखित मुख्य जानकारियों में संशोधन कर सकते हैं:

व्यक्तिगत विवरणअपने नाम, पिता या माता के नाम, अथवा जन्म तिथि में आंशिक सुधार (नियमों के तहत)।
शैक्षणिक योग्यता व विषयपोस्ट ग्रेजुएशन के अंक, पासिंग ईयर या अपने मुख्य विषय (Paper-II) का चयन।
परीक्षा शहर का चयनप्राथमिक और द्वितीयक परीक्षा केंद्र शहर।
अपलोड किए गए दस्तावेजफोटो और हस्ताक्षर में कोई स्पष्टता न होने पर नया फोटो या सिग्नेचर री-अपलोड करने का विकल्प।

आवेदन सुधारने के लिए आसान स्टेप्स

स्टेप 1 - यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।

स्टेप 2 - होमपेज पर मौजूद 'UGC NET Dec 2026 Application Correction Window' लिंक पर क्लिक करें।

स्टेप 3 - अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड/जन्मतिथि का उपयोग करके पोर्टल पर लॉगिन करें।

स्टेप 4 - फॉर्म में जो भी आवश्यक सुधार करना है, उसे सही करें और विवरण को अच्छे से री-चेक करें।

स्टेप 5 - यदि कोई अतिरिक्त शुल्क लागू होता है, तो उसका ऑनलाइन भुगतान करें।

स्टेप 6 - अंतिम सबमिशन के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट अपने पास संभालकर रखें।

परीक्षा की तिथियां और पैटर्न

एनटीए द्वारा जारी संभावित कार्यक्रम के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 सत्र से जुड़ी मुख्य जानकारियां इस प्रकार हैं -

परीक्षा की तिथियां - यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 की परीक्षाएं 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में देश भर के विभिन्न निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।

परीक्षा का स्वरूप - परीक्षा दो पेपरों में विभाजित होगी। पेपर-I में सामान्य शिक्षण एवं शोध अभिवृत्ति (General Paper on Teaching & Research Aptitude) के 50 प्रश्न होंगे, जबकि पेपर-II उम्मीदवार द्वारा चुने गए मुख्य विषय पर आधारित होगा जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।

कब जारी होगा परीक्षा के एडमिट कार्ड

शेड्यूल के अनुसार, परीक्षा 14 दिसंबर से शुरू होगी। इसके आधार पर एनटीए द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड 7 दिसंबर तक जारी कर दिए जाएंगे और शहर सिटी स्लिप नवंबर के अंतिम सप्ताह में जारी की जाएगी।

अंतिम दिनों की तैयारी के लिए एक्सपर्ट टिप्स

करेक्शन विंडो बंद होने के बाद, एनटीए दिसंबर के पहले सप्ताह में 'एग्जाम सिटी स्लिप' और उसके ठीक बाद 'एडमिट कार्ड' जारी करेगा। अभ्यर्थी समय-समय पर वेबसाइट चेक करते रहें। परीक्षा तिथियां नजदीक हैं, इसलिए अब नए टॉपिक पढ़ने के बजाय रोजाना 1 से 2 फुल-लेंथ ऑनलाइन मॉक टेस्ट दें और अपने टाइम-मैनेजमेंट में सुधार करें। उम्मीदवारों को सलाह है कि वह पेपर-1 में हाई स्कोरिंग की रणनीति बनाएं। जेआरएफ (JRF) कट-ऑफ क्लियर करने में पेपर-I निर्णायक भूमिका निभाता है। इसमें डाटा इंटरप्रिटेशन (DI), टीचिंग एप्टीट्यूड और रिसर्च मैथडोलॉजी के सेक्शन को ज्यादा से ज्यादा रिवाइज करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article