ट्रेन से अचानक कहीं जाने का प्लान बन जाए और रिजर्वेशन न मिले, तो सबसे पहले तत्काल टिकट का ख्याल आता है। लेकिन तत्काल टिकट बुक करना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। कुछ ही मिनटों में सीटें भर जाती हैं और कई बार पूरी कोशिश करने के बाद भी टिकट कन्फर्म नहीं हो पाता। ऐसे में यात्रियों के मन में एक सवाल जरूर आता है कि तत्काल टिकट काउंटर से बुक करना बेहतर है या ऑनलाइन?
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो आपके लिए काम की खबर है। हम आपको आज इसी के बारे में बताने वाले हैं कि तत्काल कंफर्म टिकट मिलने की संभावना कहां पर ज्यादा होती है। आइए आपको इसके बारे में आसान भाषा में बताते हैं।
तत्काल टिकट क्या होता है?
तत्काल टिकट रेलवे की एक खास सुविधा है, जिसके जरिए लोग अचानक यात्रा करने की स्थिति में टिकट बुक कर सकते हैं। यह टिकट ट्रेन के रवाना होने से एक दिन पहले बुक किया जाता है। AC क्लास के लिए तत्काल बुकिंग सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11 बजे शुरू होती है। ध्यान रहे कि तत्काल टिकट सीमित संख्या में उपलब्ध होते हैं, इसलिए बुकिंग शुरू होते ही काफी भीड़ रहती है।
ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करने का क्या फायदा है?
आजकल ज्यादातर लोग IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से तत्काल टिकट बुक करना पसंद करते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि घर बैठे टिकट बुक करने की सुविधा मिल जाती है। आपको रेलवे स्टेशन जाने, लाइन में लगने या काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ती।
ऑनलाइन टिकट बुक करते समय यात्री अपनी पसंद की ट्रेन, क्लास और उपलब्ध सीटों की जानकारी देख सकते हैं। अगर पहले से IRCTC अकाउंट लॉगिन है, यात्रियों की जानकारी तैयार है और पेमेंट का तरीका भी सही है, तो बुकिंग जल्दी पूरी हो सकती है। हालांकि, ऑनलाइन बुकिंग में इंटरनेट की धीमी स्पीड, वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक, पेमेंट फेल होने या सेशन खत्म होने जैसी परेशानियां भी आ सकती हैं।
काउंटर से तत्काल टिकट लेने का क्या फायदा?
अगर आपको ऑनलाइन टिकट बुक करने में परेशानी होती है या इंटरनेट की स्पीड अच्छी नहीं है, तो रेलवे रिजर्वेशन काउंटर भी एक विकल्प है। यहां जाकर आप तत्काल टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं। काउंटर पर टिकट बुक करने का फायदा यह है कि आपको ऑनलाइन पेमेंट की तकनीकी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता। वहां मौजूद कर्मचारी टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करता है और टिकट उपलब्ध होने पर आपको दे देता है।
लेकिन यहां भी एक बड़ी चुनौती है। तत्काल बुकिंग शुरू होने से पहले ही काउंटर पर यात्रियों की लाइन लग सकती है। अगर आपके आगे कई लोग हैं, तो हो सकता है कि आपकी बारी आने तक तत्काल की सीटें खत्म हो जाएं।
कहां तत्काल कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना ज्यादा?
इस सवाल का सीधा जवाब है कि ऑनलाइन और काउंटर, दोनों जगह तत्काल टिकट मिलने की संभावना रेलवे की उपलब्ध सीटों पर निर्भर करती है। ऐसा कोई पक्का नियम नहीं है कि काउंटर से टिकट लेने पर ज्यादा कन्फर्म सीट मिलेगी या ऑनलाइन बुकिंग करने पर। हालांकि, अगर आप ऑनलाइन बुकिंग में तेज हैं और आपकी सारी जानकारी पहले से तैयार है, तो आपके लिए IRCTC से टिकट बुक करना ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है। वहीं, जिन लोगों को ऑनलाइन बुकिंग में परेशानी होती है, उनके लिए रेलवे काउंटर बेहतर विकल्प हो सकता है। सबसे जरूरी बात यह है कि जिस माध्यम से आप जल्दी और बिना गलती के बुकिंग पूरी कर सकते हैं, उसी को चुनें।
तत्काल टिकट जल्दी पाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- IRCTC अकाउंट पहले से बनाकर रखें और बुकिंग से पहले लॉगिन कर लें।
- यात्रियों के नाम, उम्र और दूसरी जरूरी जानकारी पहले से तैयार रखें।
- पेमेंट के लिए ऐसा तरीका चुनें जिससे भुगतान जल्दी हो सके।
- अपनी यात्रा की तारीख और ट्रेन की जानकारी पहले से चेक कर लें।
- काउंटर से टिकट लेना है तो बुकिंग शुरू होने से पहले ही स्टेशन पहुंचें।
- टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार पेज रिफ्रेश करने या गलत जानकारी भरने से बचें।
क्या तत्काल वेटिंग टिकट भी कन्फर्म हो सकता है?
हां, तत्काल वेटिंग टिकट भी कन्फर्म हो सकता है, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं होती। यह ट्रेन में सीटों की उपलब्धता और दूसरे यात्रियों के टिकट कैंसिल होने पर निर्भर करता है। एक जरूरी बात यह भी है कि ऑनलाइन बुक किए गए ई-टिकट में अगर सभी यात्री वेटिंग लिस्ट में रह जाते हैं और चार्ट बनने के बाद भी टिकट कन्फर्म या RAC नहीं होता, तो ऐसे टिकट पर ट्रेन में यात्रा करने की अनुमति नहीं होती। इसलिए केवल वेटिंग टिकट मिलने पर यात्रा पक्की मानकर न चलें।
