एजुकेशन

School News: गर्मी की छुट्टियों से पहले मिलेंगी किताबें, दिल्ली सरकार का हाई कोर्ट को आश्वासन

Delhi School News: दिल्ली सरकार ने हाई कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि इस शैक्षणिक सत्र की सभी नई पाठ्यपुस्तकें सरकारी स्कूलों के छात्रों को गर्मी की छुट्टियों से पहले उपलब्ध करा दी जाएंगी।

Image

School News

School News: दिल्ली सरकार ने Delhi Highcourt को भरोसा दिलाया है कि इस शैक्षणिक सत्र की सभी नई पाठ्यपुस्तकें सरकारी स्कूलों के छात्रों को गर्मी की छुट्टियों से पहले उपलब्ध करा दी जाएंगी। यह जानकारी एक गैर-सरकारी संगठन की याचिका पर सुनवाई के दौरान दी गई, जिसमें किताबों के वितरण में देरी को लेकर शिक्षा विभाग की आलोचना की गई थी। याचिकाकर्ता संगठन ‘सोशल ज्यूरिस्ट’ की ओर से पेश वकील ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक के लाखों छात्र नए सत्र की शुरुआत के बाद भी किताबों से वंचित हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शिक्षा के अधिकार पर भी असर पड़ रहा है।

अदालत की कार्रवाई

मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया। साथ ही, अदालत ने सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन को रिकॉर्ड पर दर्ज किया। याचिका में शिक्षा सचिव के खिलाफ अदालत के पूर्व आदेश की अवमानना करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग भी की गई है।

अब तक कितनी किताबें बांटी गईं

सरकार की ओर से बताया गया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तक करीब 10 लाख छात्रों को किताबें वितरित की जा चुकी हैं, जबकि लगभग 8 लाख छात्रों को आने वाले कुछ दिनों में किताबें मिल जाएंगी।

School News

School News

प्राइवेट स्कूलों के लिए सख्त निर्देश

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निजी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने नोटिस बोर्ड, वेबसाइट और स्कूल परिसर में साफ तौर पर लिखें कि अभिभावक किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी अपनी पसंद की किसी भी दुकान से खरीद सकते हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि टेकओवर तक किया जा सकता है।

अगली सुनवाई

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई सितंबर महीने में तय की है। कुल मिलाकर, सरकार ने भरोसा दिया है कि जल्द ही सभी छात्रों तक किताबें पहुंचा दी जाएंगी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article