एजुकेशन

Public Exam Reforms: केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए उठाया बड़ा कदम

केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को ज्यादा सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और दूसरे संबंधित लोगों से सुझाव मांगे हैं। इसके लिए नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में HPTF का गठन किया गया है।

Image

Public Exam Reforms

देश में होने वाली प्रतियोगी और सार्वजनिक परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को ज्यादा सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और दूसरे संबंधित लोगों से सुझाव मांगे हैं। इसके लिए नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में High-Powered Task Force (HPTF) का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स सार्वजनिक परीक्षाओं के संचालन, सुरक्षा, प्रश्नपत्र और मूल्यांकन व्यवस्था, तकनीक, परीक्षा केंद्रों की सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर रही है। इसमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित होने वाली परीक्षाएं भी शामिल हैं।

सरकार का उद्देश्य ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार करना है जो सुरक्षित होने के साथ-साथ पारदर्शी और सभी उम्मीदवारों के लिए समान अवसर देने वाली हो। टास्क फोर्स परीक्षा के मौजूदा सिस्टम में मौजूद कमियों की पहचान करके उन्हें दूर करने के उपाय सुझाएगी। परीक्षाओं में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, सुरक्षित कंप्यूटर आधारित टेस्टिंग और परीक्षा से जुड़ी संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों की संख्या और सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर भी सुझाव लिए जा रहे हैं।

कौन-कौन दे सकता है सुझाव?

सरकार ने सुझाव देने की प्रक्रिया को केवल छात्रों तक सीमित नहीं रखा है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी और अभ्यर्थी, माता-पिता, शिक्षक और शैक्षणिक संस्थान अपनी राय दे सकते हैं। इसके अलावा परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाएं, परीक्षा के लिए उम्मीदवार उपलब्ध कराने वाले संगठन, विषय विशेषज्ञ, टेक्नोलॉजी से जुड़े पेशेवर, उद्योग संगठन और सिविल सोसाइटी संस्थाएं भी सुझाव भेज सकती हैं।

पेपर लीक और नकल रोकने पर भी मांगी राय

सुझावों में परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के तरीके भी शामिल किए जा सकते हैं। सरकार यह जानना चाहती है कि पेपर लीक, नकल और दूसरी परीक्षा संबंधी अनियमितताओं को कैसे रोका जाए और अगर कोई गड़बड़ी सामने आती है तो उस पर तेजी से कार्रवाई कैसे हो।

इसके साथ परीक्षा की सुरक्षा और प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा के आयोजन तक पूरी प्रक्रिया को ज्यादा मजबूत बनाने पर भी सुझाव लिए जाएंगे।

छात्रों की मानसिक परेशानी पर भी रहेगा ध्यान

नई परीक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों के हित और उनकी मानसिक स्थिति को ध्यान रखा जाएगा। परीक्षा के दौरान छात्रों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने, सही जानकारी समय पर पहुंचाने और शिकायतों का समाधान करने की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी सुझाव मांगे गए हैं। परीक्षा से जुड़े बदलावों और जरूरी सूचनाओं को उम्मीदवारों तक स्पष्ट तरीके से पहुंचाने के लिए बेहतर communication system बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article