शहर

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा मोड़, गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी, भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

Shamli News Ankit Baliyan Murder: वारदात से गुस्साए परिजनों और समर्थकों ने अंकित के शव को सड़क पर रखकर करीब 4 घंटे तक चक्काजाम किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

Image

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा मोड़, गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी, भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

Haryanvi Singer Ankit Baliyan Killed: उत्तर प्रदेश के शामली में मशहूर हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हुई नृशंस हत्या के मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। कुख्यात 'गोगी गैंग' के शूटर भोलू शाहपुरिया (सोनीपत) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्याकांड की खुली जिम्मेदारी ली है।

शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की तहकीकात के लिए 4 विशेष टीमों का गठन किया है।

सोशल मीडिया पर जो पोस्ट डाला गया उसमें कहा गया कि गोगी के साथ जो कोर्ट में घटना हुई थी, जिसमें उसकी जान चली गई थी, उसपर अंकित ने गाना बनाया था और उनके दुश्मनों का साथ देता था।

जिम के बाहर घेराबंदी कर दागीं 20 से अधिक गोलियां

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना शामली के आर्यपुरी इलाके की है। अंकित बालियान शाम करीब 4 बजे एक जिम में कसरत करने गए थे। शाम लगभग 6 बजे जब वे जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

हमलावरों ने अंकित को टारगेट करते हुए अंधाधुंध ताबड़तोड़ 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। लगभग एक दर्जन से अधिक गोलियां लगने के कारण अंकित बालियान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी असलहे लहराते हुए फरार हो गए।

रंगदारी न देने पर हत्या की आशंका, 4 घंटे सड़क पर रखा शव

सूत्रों के मुताबिक, कुछ महीनों पहले अंकित बालियान से कुछ बदमाशों द्वारा मोटी रकम (रंगदारी) की मांग की गई थी, जिसे देने से उन्होंने साफ इनकार कर दिया था। पुलिस इस रंगदारी वाले एंगल को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

वारदात से गुस्साए परिजनों और समर्थकों ने अंकित के शव को सड़क पर रखकर करीब 4 घंटे तक चक्काजाम किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बाद में बीजेपी एमएलसी वीरेंद्र सिंह और एसपी एन.पी. सिंह के मौके पर पहुँचकर जल्द खुलासे और कड़ी कार्रवाई का लिखित आश्वासन देने के बाद ही परिजनों ने जाम खोला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जांच में जुटीं पुलिस की 4 टीमें

एसपी एन.पी. सिंह ने बताया कि आसपास के सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गोगी गैंग और भोलू शाहपुरिया द्वारा सोशल मीडिया पर ली गई जिम्मेदारी की पोस्ट का भी टेक्निकल सर्विलांस के जरिए सत्यापन किया जा रहा है। शामली पुलिस और एसओजी की 4 टीमें हरियाणा और पश्चिमी यूपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

वहीं, अंकित बालियान के हत्या के बाद परिवार में गम का माहौल है। पिता का कहना है कि मुख्यमंत्री जी इंसाफ चाहिए। रोते रोते पिता का कहना है कि कल शाम निकला था 18 गोली मारी गई है। मौके पे स्थानीय विधायक भी पहुचे हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। बॉडी को पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article