क्रिकेट

48 घंटे में 26000 टिकट बिके, भारत के न्यूजीलैंड दौरे के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह, जानिए तीन सीरीज का पूरा कार्यक्रम

IND vs NZ All-Format Series, Full Schedule, Tickets: न्यूजीलैंड इस कैलेंडर वर्ष में अपनी सबसे खास मेजबानी के लिए तैयार है जब भारतीय क्रिकेट टीम क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड पहुंचेगी। दर्शकों के बीच इस सीरीज को लेकर उत्साह इतना है कि टिकटों की बिक्री शुरू होते ही इन्हें खरीदने होड़ लग गई। यहां हम जानेंगे टिकटों के बारे में और कैसा है भारत-न्यूजीलैंड सीरीज का पूरा कार्यकम।

Image

भारत के न्यूजीलैंड दौरे के लिए टिकटों की बिक्री जोरदार, कैसा है सीरीज का कार्यक्रम (AI Generated Image)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत का न्यूजीलैंड दौरा 2026
  • 48 घंट में 26,000 टिकट बिके
  • भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीनों फॉर्मेट में होगी सीरीज

India tour of New Zealand Tickets: क्रिकेट के तीनों प्रारूपों के लिए भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है और मेजबान क्रिकेट बोर्ड द्वारा सदस्यों के लिए शुरू की गई टिकटों की बिक्री के शुरुआती 48 घंटे में 26,000 टिकट बिक गए। अक्टूबर में शुरू होने वाला 12 मैच का यह दौरा न्यूजीलैंड क्रिकेट के ’क्रिकेट नेशन’ सदस्यों के लिए सोमवार को शुरू हुई टिकट बिक्री में अब तक का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरा है।

ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले सीमित ओवर के मुकाबलों के टिकटों की बिक्री सबसे तेज रही है। क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन में भी टिकटों की अच्छी मांग सामने आई है। नौ हजार दर्शकों की क्षमता वाले हेगले ओवल में 22 और 24 अक्टूबर को होने वाले शुरुआती दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के अलावा 27 नवंबर से एक दिसंबर तक होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट के भी खचाखच भरने की उम्मीद है।

वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय और दूसरे एकदिवसीय मैच के टिकटों की बिक्री भी शुरुआती चरण में मजबूत रही है। बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से पहला टेस्ट खेला जाएगा।न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य विपणन एवं वाणिज्यिक अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि प्रशंसकों ने समय रहते टिकट सुरक्षित करने की अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने किचली के हवाले से कहा, "शुरू से ही हमारा संदेश प्रशंसकों के लिए यही रहा है कि वे पहले से तैयारी कर लें जिससे कि टिकट से वंचित नहीं रह जाएं और पहले दो दिनों में रिकॉर्ड बिक्री से साबित होता है कि कई लोगों ने हमारी बात सुनी है।"

उन्होंने कहा कि भारत से जुड़े क्रिकेट मुकाबलों का रोमांच महसूस करने और दुनिया के कुछ सबसे बड़े खेल सितारों को प्रतिस्पर्धा करते देखने का यह न्यूजीलैंड के प्रशंसकों के लिए दुर्लभ अवसर है। क्रिचली ने कहा कि टिकटों की कीमत पिछले सत्र के समान रखी गई है और ’क्रिकेट नेशन’ के प्रवेश कोड का इस्तेमाल करने पर एक टिकट 30 न्यूजीलैंड डॉलर से कम में उपलब्ध है। आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री सात सितंबर से शुरू होगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि प्रशंसक ’क्रिकेट नेशन’ के लिए पंजीकरण कर पूर्व बिक्री का लाभ उठा सकते हैं और 15 प्रतिशत की छूट प्राप्त कर सकते हैं।

भारत के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा कार्यक्रम (India tour of New Zealand Full Schedule)

टी20 सीरीज

पहला T20I - 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च

दूसरा T20I - 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च

तीसरा T20I - 27 अक्टूबर, वेलिंगटन

चौथा T20I - 30 अक्टूबर, ऑकलैंड

पांचवां T20I - 1 नवंबर, हैमिल्टन

वनडे सीरीज

पहला ODI - 4 नवंबर, ऑकलैंड

दूसरा ODI - 7 नवंबर, वेलिंगटन

तीसरा ODI - 10 नवंबर, हैमिल्टन

चौथा ODI - 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई

पांचवां ODI - 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई

टेस्ट सीरीज

पहला टेस्ट - 19-23 नवंबर, वेलिंगटन

दूसरा टेस्ट - 27 नवंबर-1 दिसंबर 2026, क्राइस्टचर्च

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article