Rajasthan PTI Recruitment 2026: राजस्थान में शारीरिक शिक्षा शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अपडेट आया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने साफ किया है कि PTI भर्ती परीक्षा अब 13 सितंबर 2026 को नहीं होगी। बोर्ड का कहना है कि भर्ती नियमों से जुड़े कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण बाकी है, इसलिए शेड्यूल बदला गया है। RSSB अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि नियमों पर पूरी स्पष्टता आने के बाद ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इसी वजह से परीक्षा को फिलहाल स्थगित किया गया है।
उन्होंने संकेत दिया कि परीक्षा अब अप्रैल 2027 में हो सकती है। अंतिम तारीख और पूरा कार्यक्रम नियम साफ होने के बाद ही घोषित होगा।
पहले भी मिले थे संकेत (Rajasthan PTI Vacancy 2026)
17 जून को एक अभ्यर्थी के सवाल पर आलोक राज ने कहा था कि कुछ प्रशासनिक और नियम संबंधी मामलों पर विचार चल रहा है। स्थिति साफ होने पर ही नोटिफिकेशन आएगा। अब बोर्ड ने परीक्षा टलने की औपचारिक पुष्टि कर दी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: NEET Ug Re Exam 2026: 21 जून की परीक्षा के लिए कौन से एडमिट कार्ड नहीं होंगे मान्य, NTA ने बताया
900 पदों पर होनी है भर्ती
RSSB इस भर्ती के जरिए प्रदेश में करीब 900 शारीरिक शिक्षा शिक्षक पद भरेगा। पहले अनुमान था कि जून 2026 के आखिर तक नोटिफिकेशन आएगा और आवेदन शुरू होंगे। प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक परीक्षा 13 सितंबर 2026 को होनी थी, लेकिन अब यह संभव नहीं है।
संभावित योग्यता और आयु सीमा
भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी होगा। साथ ही NCTE और राज्य सरकार के मानकों के अनुसार B.P.Ed, D.P.Ed या C.P.Ed जैसी शारीरिक शिक्षा की डिग्री अनिवार्य होगी।
आयु सीमा 18 से 40 वर्ष प्रस्तावित है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि नई तारीख और आधिकारिक नोटिफिकेशन के लिए RSSB की वेबसाइट और बोर्ड के अपडेट्स पर नजर बनाए रखें। ध्यान रहे, नोटिफिकेशन आने के बाद उसे पढ़कर ही आवेदन करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: MPPSC SSE Mains 2025: राज्य सेवा परीक्षा मुख्य परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी, 17 अगस्त से होंगे एग्जाम
