शहर

गुरुग्राम के बाद दिल्ली में मनचलों ने की छेड़छाड़, बाइक से युवती को मारी टक्कर, 150 मीटर तक घिसटी

दिल्ली के हौज खास में बाइक सवार मनचलों ने एक स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी। युवती साकेत स्थित एक कार्यालय में काम करती है। शिकायत के मुताबिक, 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे वह स्कूटी से घर लौट रही थी।

Image

सांकेतिक फोटो-Istock

दिल्ली : गुरुग्राम में एक महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन केस के बाद दिल्ली के हौज खास में बाइक सवार मनचलों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। युवती का आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले उसका पीछा किया और अश्लील टिप्पणियां कीं। इसके बाद उसकी स्कूटी में बाइक से टक्कर मार दी। हादसे में युवती सड़क पर गिरकर करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई। मामले में हौज खास थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, युवती साकेत स्थित एक कार्यालय में काम करती है। शिकायत के मुताबिक, 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे वह स्कूटी से घर लौट रही थी। पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो युवक उसके करीब आए और कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां करने लगे। युवती का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। शिकायत में युवती ने बताया कि पीछा छुड़ाने के लिए उसने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन दोनों युवक उसके बराबर पहुंच गए और कथित तौर पर लगातार टिप्पणियां करते रहे। कुछ दूरी पर बाइक सवारों ने उसकी स्कूटी में बाइक से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और युवती सड़क पर गिर गई।

युवती के मुताबिक, गिरने के बाद वह करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। सड़क पर मौजूद पत्थर, बजरी और धूल के कारण उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद दोनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने युवती को सड़क पर पड़ा देखकर उसकी मदद की और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।

चोटों की गंभीरता को देखते हुए युवती को बाद में बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल, नोएडा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी। युवती चिकित्सकीय राय लेने के लिए कानपुर भी गई। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग

युवती ने पुलिस से घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है। उसने हौज खास, हौज खास मेट्रो स्टेशन, पंचशील मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने को कहा है। उसका कहना है कि घटना के समय आरोपियों की बाइक और उनकी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड हुई हो सकती हैं, जिससे उनकी पहचान में मदद मिल सकती है। युवती ने पुलिस से घटना के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और दोनों युवकों की पहचान कर कार्रवाई करने की भी मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की बहन 15 सितंबर को थाने आई थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article