शहर

SSC Exam Scam : STF के हत्थे चढ़े ASSESS Infra के दो डायरेक्टर, प्रॉक्सी सर्वर से नकल का आरोप

ग्रेटर नोएडा में SSC कांस्टेबल और असम राइफल्स राइफलमैन परीक्षा-2026 में कथित धांधली के मामले में STF ने ASSESS Infra के दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक 10 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

ग्रेटर नोएडा : कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षा में कथित तौर पर धांधली करने के मामले में यूपी एसटीएफ (STF) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ASSESS Infra Private Limited के निदेशक गगनदीप शर्मा और यादवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों पर परीक्षा केंद्रों के चयन और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं में भूमिका होने का आरोप है।

यह मामला कांस्टेबल (GD) और असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती परीक्षा-2026 में कथित धांधली से जुड़ा है। STF की जांच में सामने आया है कि आरोपियों का संबंध ऐसे नेटवर्क से था, जो अभ्यर्थियों से पैसे लेकर ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के लिए प्रॉक्सी सर्वर और तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करता था। मई 2026 में STF ने ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक परीक्षा केंद्र पर कार्रवाई कर इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

प्रॉक्सी सर्वर से करा रहे थे नकल

STF की जांच के मुताबिक, गिरोह कथित तौर पर अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उन्हें परीक्षा में अनुचित तरीके से मदद उपलब्ध कराता था। प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की स्क्रीन बाहर बैठे सॉल्वर तक पहुंचाने का आरोप है। इसके बाद सॉल्वर सवाल हल करने में अभ्यर्थियों की मदद करते थे।

जांच के दौरान STF को इस नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने के संकेत मिले हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और दिल्ली के कई संदिग्ध परीक्षा केंद्रों की भूमिका की जांच की जा रही है। इससे पहले मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दो नई गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में अब तक कुल 10 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

STF इस पूरे नेटवर्क में परीक्षा केंद्रों के चयन, तकनीकी व्यवस्था और आरोपियों के बीच कथित संबंधों की जांच कर रही है। मामले में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज है और जांच जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article