Avni Kejriwal CBSE Topper: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने हाल ही में कक्षा 12वीं के री-इवैल्युएशन के नतीजे जारी करने शुरू कर दिए हैं। अभी तक केवल 87 प्रतिशत छात्रों के रिजल्ट जारी किए गए हैं। जल्द ही बाकी के रिजल्ट भी जारी कर दिए जाएंगे। री-वैल्यूएशन प्रक्रिया के बाद जारी हुए परिणाम कई छात्रों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आए हैं, क्योंकि स्क्रूटनी और री-इवैल्युएशन की प्रक्रिया के बाद कई छात्रों के मार्क्स में बड़ा उछाल देखा गया है। इन्हीं में से एक सबसे हैरान करने वाला और प्रेरणादायक मामला झारखंड की राजधानी रांची से सामने आया है। यहां रहने वाली कॉमर्स स्ट्रीम की छात्रा अवनी केजरीवाल (Avni Kejriwa) ने री-इवैल्युएशन के बाद 500 में से 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है।
100 फीसदी अंक पाकर अवनी बनीं मिसाल
सीबीएसई द्वारा कक्षा 12वीं का रिजल्ट 13 मई को जारी किया गया था, जिसमें अवनी केजरीवाल को उनकी उम्मीद से कम मार्क्स मिले थे, लेकिन उन्हें अपनी मेहनत और परीक्षा में दी गई परफॉर्मेंस पर इतना भरोसा था कि उन्होंने मार्क्स वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया। जब री-इवैल्यूएशन के नतीजे घोषित हुए, तो हर कोई दंग रह गया। कॉमर्स स्ट्रीम की छात्रा अवनी ने पूरे 100 फीसदी यानी 500 में से 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस सफलता के बाद अवनी न सिर्फ खुद एक मिसाल बन गई हैं, बल्कि उनकी यह कामयाबी पूरे झारखंड के छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - कौन है कुणाल शाह, जिन्होंने संभाली 3 अरब यूजर्स वाले WhatsApp की कमान, जानें कितना पढ़े-लिखे हैं नए CEO
री-इवैल्युएशन के बाद बढ़े 24 अंक
मुख्य परीक्षा के बाद आए रिजल्ट में अवनी के कुल नंबरों में कमी थी। वह इस बात के थोड़ी दंग थी कि सबसे मजबूत परीक्षा में भी उनके उम्मीद से कम अंक आए थे। लेकिन री-इवैल्युएशन के बाद उनकी मार्कशीट में पूरे 24 अंक बढ़ गए। यानी मुख्य परीक्षा में अवनी के 476 अंक थे और अब पूरे 500 अंक है। अपनी इस अभूतपूर्व सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अवनी बताती हैं कि “इस समय परिवार में सब बहुत खुश हैं। सच कहूं तो 500 में से 500 पूरे अंक आने की उम्मीद किसी को नहीं होती है। मुख्य परीक्षा के रिजल्ट में मेरे अंग्रेजी विषय में 19 नंबर कट गए थे, जिसकी मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी, क्योंकि अंग्रेजी मेरा सबसे पसंदीदा और मजबूत विषय है। इसी तरह बिजनेस स्टडीज में भी मेरे 5 नंबर कटे थे। उन्होंने बताया कि बाकी तीन विषयों में मुझे पहले से ही 100-100 नंबर मिले थे, इसलिए मैंने दोबारा जांच के लिए आवेदन किया और आज नतीजा सबके सामने है।”
पांचों मेन सब्जेक्ट में शत-प्रतिशत अंक
अवनी ने अपनी लगन के दम पर सभी मेन सब्जेक्ट में परफेक्ट स्कोर प्राप्त किया है। सीबीएसई द्वारा जारी संशोधित मार्कशीट के अनुसार, उन्हें इंग्लिश कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथमेटिक्स जैसे पांचों विषयों में शत-प्रतिशत यानी 100 में से 100 अंक मिले हैं। अवनी ने यह कमाल केवल मुख्य विषयों में ही नहीं किया बल्कि एडिशनल सब्जेक्ट में भी उनका प्रदर्शन सराहना करने वाला है। अवनी ने एडिशनल सब्जेक्ट ग्राफिक्स में 99 अंक प्राप्त किए हैं, जो उनकी प्रतिभा को दर्शाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP Excise Constable Recruitment 2026 के लिए आवेदन की लास्ट डेट करीब, आसान स्टेप में करें रजिस्ट्रेशन
परिवार में गर्व का माहौल
अवनी केजरीवाल रांची के धुर्वा स्थित DPS सेल टाउनशिप की 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। उनके पिता मितेश केजरीवाल एक बिजनेसमैन हैं और मां पूनम केजरीवाल एक हाउसवाइफ हैं। अवनी की इस सफलता पर उनके माता-पिता गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने गर्व से बताया कि अवनी बचपन से ही पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर और सिंसियर रही हैं। उन्होंने बिना शॉर्टकट के कड़ी मेहनत के दम पर आज यह मुकाम हासिल किया है, जिससे उनका पूरा स्कूल और परिवार गर्व महसूस कर रहा है। अवनी ने सीबीएसई में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, टीचर और मेंटर सचित सर को दिया है।
बिजनेस मैनेजमेंट में करियर बनाने का सपना
न केवल सीबीएसई में बल्कि अवनी का विजन अपने भविष्य को लेकर भी क्लियर है। वह आगे चलकर बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती है। उन्होंने ग्रेजुएशन में एडमिशन लेने के लिए सीयूईटी यूजी परीक्षा दे दी है, जिसका रिजल्ट जल्द जारी किया जाएगा। 12वीं की तरह सीयूईटी यूजी में भी अपने प्रदर्शन को लेकर अवनी संतुष्ट नजर आ रही हैं। उन्हें खुद पर और अपने प्रदर्शन पर पूरा भरोसा है।
