एजुकेशन

Punjab PCS Result 2026: हाई कोर्ट ने मुख्य परीक्षा के नतीजों पर लगाई रोक, दिसंबर की इस तारीख को होगी अगली सुनवाई

पंजाब लोक सेवा आयोग की PCS कार्यकारी शाखा और संबद्ध सेवाओं की मुख्य परीक्षा के नतीजों को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फिलहाल आगे की चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।

Image

Punjab PCS Result 2026: हाई कोर्ट ने मुख्य परीक्षा के नतीजों पर लगाई रोक

पंजाब PCS भर्ती प्रक्रिया को लेकर अहम खबर सामने आई है। पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की PCS कार्यकारी शाखा और संबद्ध सेवाओं की मुख्य परीक्षा के नतीजों को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फिलहाल आगे की चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। साथ ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोर्ट ने मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड भी तलब किए हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी। ऐसे में मुख्य परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों को आगे की भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अपडेट का इंतजार करना होगा।

क्यों हाई कोर्ट पहुंचे उम्मीदवार?

प्रीति शर्मा और अन्य अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के परिणामों को चुनौती देते हुए याचिकाएं दाखिल की हैं। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि 4 नवंबर 2026 को घोषित नतीजों में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने चयन प्रक्रिया में मिलीभगत और नियमों को मनमाने तरीके से लागू करने का भी आरोप लगाया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Rajasthan में जूनियर इंजीनियर (JE) के 1909 पदों पर भर्ती

याचिकाओं में क्या-क्या आरोप लगाए गए?

याचिकाकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए हैं। इनमें प्रमुख आरोप हैं:

  • लगातार रोल नंबर वाले उम्मीदवारों का चयन होना।
  • पंजाबी भाषा की योग्यता और आयु सीमा के नियमों में कथित तौर पर मनमाने बदलाव।
  • कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सील टूटी मिलने का आरोप।
  • चयन प्रक्रिया में हितों के टकराव की आशंका।
  • प्रभावशाली लोगों को चयन में फायदा पहुंचाने का आरोप।

याचिकाकर्ताओं ने इन कथित अनियमितताओं की जांच CBI या SIT से कराने और पूरी चयन प्रक्रिया रद्द करने की मांग की है। हालांकि, ये सभी याचिकाकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोप हैं। इनकी पुष्टि होना अभी बाकी है।

अगली सुनवाई में क्या होगा?
विवरणजानकारी
भर्तीपंजाब PCS 2026
आयोगपंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC)
मुख्य परीक्षा का रिजल्ट4 नवंबर 2026
कोर्ट का आदेशआगे की चयन प्रक्रिया पर रोक
अगली सुनवाई16 दिसंबर
याचिकाकर्ताओं की मांगचयन रद्द कर CBI या SIT जांच

हाई कोर्ट के आदेश के बाद फिलहाल आगे की चयन प्रक्रिया पर रोक रहेगी। उम्मीदवारों को अगली सुनवाई और कोर्ट के आदेश का इंतजार करना होगा।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article