एजुकेशन

University Admission Tips: यूनिवर्सिटी में दाखिले से पहले इन बातों का रखें खास ख्याल, हर छात्र के लिए जानना है बेहद जरूरी

University Admission Tips: स्कूली पढ़ाई के बाद किसी इंस्टीट्यूट या यूनिवर्सिटी में एडमिशन से पहले छात्रों और अभिभवकों को कई बातों की जांच करनी चाहिए, ताकि बाद में उनके करियर पर कोई आंच न आए। आइए जानते हैं वह खास बातें क्या है?

Image

University Admission Tips (Photo - AI/Newsroom Verified)

University Admission Tips: स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉलेज या यूनिवर्सिटी में दाखिला लेना हर छात्र के करियर का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ होता है। यह वही समय होता है जब आपका एक सही फैसला आपके भविष्य की मजबूत नींव रखता है। वहीं जल्दबाजी में लिया गया एक कदम आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकता है। आज के दौर की बात करें तो देश और विदेश में अनगिनत विश्वविद्यालय और कोर्सेज उपलब्ध हैं, जिससे चलते छात्रों के बीच में भ्रम की स्थिति बनना बेहद ही स्वाभाविक है। ऐसे में छात्रों को सलाह है कि वह केवल दोस्तों की देखा-देखी या टीवी और फोन में दिखाई देन वाले विज्ञापनों से प्रभावित होकर एडमिशन लेना के बारे में न सोचे। दोस्तो, रिश्तेदारों और आस-पड़ोस द्वारा बताए संस्थानों और कोर्स में प्रवेश लेने से पहले आपके लिए कुछ खास बातों को ध्यान रखने की जरूरत है। तो आइए आज आपको इस स्टोरी के माध्यम से बताएं कि एडमिशन से पहले एक छात्र और उसके अभिभावकों को किन प्रमुख बातों की जांच करना बेहद जरूरी है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - 'Pay Through the Nose' मुहावरे का क्या है अर्थ?

यूनिवर्सिटी चुनने से पहले इन 7 मुख्य बातों की करें जांच

बीते कुछ समय से यूजीसी द्वारा लगातार फर्जी विश्वविद्यालयों की लिस्ट जारी की जा रही है। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए यह जानना जरूरी है कि जिस संस्थान या यूनिवर्सिटी में वह प्रवेश की तैयारी कर रहे हैं—क्या उसे मान्यता प्राप्त है? कहीं वो फर्जी तो नहीं? इतना ही नहीं इसके अलावा भी कई जरूरी बाते हैं, जिसकी जांच करना अनिवार्य है।

मान्यता और रैंकिंग की पुष्टि

किसी भी विश्वविद्यालय में आवेदन करने से पहले यह जरूर जांच लें कि उसे UGC, AICTE या संबंधित नियामक संस्था से मान्यता प्राप्त है या नहीं। इसके साथ ही संस्थान की NAAC ग्रेडिंग और NIRF रैंकिंग भी देखें, जिससे उसकी शैक्षणिक गुणवत्ता का सही अंदाजा मिल सके।

कोर्स का सिलेबस और भविष्य की संभावनाएं

जिस कोर्स में आप दाखिला लेना चाहते हैं, उसका सिलेबस जरूर पढ़ें। देखें कि क्या उसमें केवल किताबी ज्ञान है या आधुनिक इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, इंटर्नशिप और स्किल डेवलपमेंट को भी शामिल किया गया है।

डिग्री की वैधता

अगर आप यूजी के बाद पीजी के लिए विदेश से पढ़ाई करने की सोच रहे हैं तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि जिस संस्थान से आप यूजी करने की तैयारी कर रहे हैं, क्या उसकी डिग्री अन्य देशों में मान्य है कि नहीं। ऐसे कई संस्थान है, जिनकी डिग्री विदेशों में मान्य नहीं होती है।

कानूनी मान्यता

छात्रों को यूनिवर्सिटी और कॉलेज के बारे में यह जरूर चेक करना चाहिए कि शिक्षण संस्थान संबंधित कानूनों के तहत विधिवत स्थापित या मान्यता प्राप्त है या नहीं।

फैकल्टी और इंफ्रास्ट्रक्चर

एक अच्छे संस्थान की पहचान वहां के अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक लैब, लाइब्रेरी और कैंपस सुविधाओं से होती है। संभव हो तो एडमिशन से पहले कैंपस विजिट करें या वहां पढ़ रहे सीनियर छात्रों से फीडबैक लें।

प्लेसमेंट रिकॉर्ड और एलुमनाई नेटवर्क

पिछले कुछ वर्षों में उस यूनिवर्सिटी या विभाग का प्लेसमेंट रिकॉर्ड कैसा रहा है, कौन सी कंपनियां कैंपस में आती हैं और औसत पैकेज क्या रहता है—इन आंकड़ों की वास्तविकता जरूर परखें।

फीस स्ट्रक्चर और स्कॉलरशिप विकल्प

पूरे कोर्स की ट्यूशन फीस, हॉस्टल खर्च और अन्य शुल्कों की स्पष्ट जानकारी लें। साथ ही यह भी पता करें कि मेधावी या जरूरतमंद छात्रों के लिए संस्थान में कौन-कौन सी स्कॉलरशिप योजनाएं उपलब्ध हैं।

कहां चेक करें यूनिवर्सिटी की वैधता

उम्मीदवारों को सलाह है कि वह केवल आधिकारिक वेबसाइट ugc.gov.in पर उपलब्ध मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों की सूची से ही संस्थान की वैधता जांचें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article