प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका टाइम (TIME) ने पहली बार भारत के लिए TIME100 Next India 2026 की सूची जारी कर दी है। यह इस फ्रेंचाइजी के इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर है, क्योंकि यह पहली बार है जब TIME100 Next अमेरिका से बाहर निकलकर किसी दूसरे देश के लिए खास एडिशन लेकर आया है। इस पहली सूची में मनोरंजन, बिजनेस, टेक्नोलॉजी, साइंस, अंतरिक्ष, पत्रकारिता और समाज सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों के 100 ऐसे उभरते भारतीय चेहरों को शामिल किया गया है, जो अपने काम और नवाचार के दम पर देश और दुनिया के भविष्य को नया आकार दे रहे हैं।
कवर पेज पर बॉलीवुड से स्पेस-टेक तक का जलवा
इस खास इंडिया एडिशन के लिए टाइम ने कई कवर पेज जारी किए हैं, जिन पर भारत की बदलती तस्वीर साफ नजर आती है। अभिनेत्री आलिया भट्ट इस खास अंक के कवर पर नजर आई हैं। उनके लिए विशेष प्रोफाइल लिखते हुए दिग्गज निर्देशक एस.एस. राजामौली ने उन्हें भारतीय सिनेमा का ग्लोबल एंबेसडर करार दिया है।
वहीं, एक अन्य कवर पर फिल्ममेकर आर्यन खान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित निर्देशक पायल कपाड़िया और थेजा रियो एक साथ नजर आए हैं। आर्यन खान के बारे में लिखते हुए मशहूर निर्देशक विशाल भारद्वाज ने कहा कि उनमें मनोरंजन की पुरानी परंपरा को नए दौर के आधुनिक अंदाज में आगे ले जाने की एक दमदार क्रिएटिव आवाज है। इसके अलावा भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में क्रांति ला रही कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot) के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना भी कवर पेज पर चमके हैं।
सिनेमा और संगीत की दुनिया से इन सितारों का दबदबा
TIME100 Next India 2026 की लिस्ट में मनोरंजन जगत के उन चेहरों को तवज्जो दी गई है, जिन्होंने अपनी कला से न केवल देश में बल्कि वैश्विक मंच पर भी भारत की पहचान मजबूत की है। इस श्रेणी में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं।
अभिनेता और फिल्ममेकर
आलिया भट्ट, आर्यन खान, विक्की कौशल, सामंथा रुथ प्रभु, साईं पल्लवी, जितेंद्र कुमार, दुलकर सलमान, वेदांग रैना, पायल कपाड़िया और थेजा रियो।
संगीत जगत
पंजाबी सुपरस्टार और ग्लोबल आइकन दिलजीत दोसांझ, मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और गायक फहीम अब्दुल्ला ने भी इस प्रतिष्ठित लिस्ट में अपनी जगह पक्की की है।
बिजनेस, स्टार्टअप और साइंस के 100 महारथी
लिस्ट केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भारत की आर्थिक और वैज्ञानिक प्रगति के कर्णधारों को भी प्रमुखता से जगह दी गई है।
बिजनेस और स्टार्टअप
क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट के सीईओ अलबिंदर सिंह ढींडसा, लेंसकार्ट के सह-संस्थापक पीयूष बंसल, एडलवाइस म्यूचुअल फंड की एमडी एवं सीईओ राधिका गुप्ता और एथर एनर्जी के सह-संस्थापक तरुण मेहता जैसे दिग्गज उद्यमी इस सूची में शामिल हैं।
अंतरिक्ष और विज्ञान
स्काईरूट के पवन कुमार चंदना के साथ-साथ अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला जैसे चेहरों को भी भारत के उभरते लीडर्स के रूप में चुना गया है।
मीडिया और पत्रकारिता
पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र से अनंत गोयनका और रितिका चोपड़ा सहित अन्य प्रभावशाली चेहरों को भी 100 उभरते लीडर्स की इस सूची में स्थान मिला है।
टाइम 100 लिस्ट में कौन-कौन शामिल?
- मनोरंजन और फिल्म उद्योग: आलिया भट्ट और आर्यन खान के अलावा, इस सूची में अली फजल, ईशान खट्टर, साई पल्लवी, नयनतारा, विक्की कौशल, वेदांग रैना और जहान कपूर जैसे नाम भी शामिल हैं।
- फिल्म मेकिंग: पायल कपाड़िया, पा रंजीत, अनुपर्णा रॉय और थेजा रियो जैसे फिल्म निर्माता और रचनात्मक पेशेवर भी शामिल हैं।
- संगीत उद्योग: प्रतिनिधित्व अनिरुद्ध रविचंदर, फहीम अब्दुल्ला, दिलजीत दोसांझ, अरिवु, जसलीन रॉयल और प्रतीक कुहाड़
- खेल: सूची में हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, सानिया मिर्जा, सविता पुनिया, वैभव सूर्यवंशी और एथलीट विथ्या रामराज शामिल हैं।
- व्यवसाय और प्रौद्योगिकी: अलबिंदर सिंह ढींडसा, पवन कुमार चंदना, पीयूष बंसल, तरुण मेहता, राधिका गुप्ता, अवैस अहमद, क्लेयर मजूमदार और प्रत्यूष कुमार
- स्वास्थ्य सेवा और विज्ञान: अनीश मालपानी, अक्सा शेख, नीना गुप्ता, शुभांशु शुक्ला और अंजना बद्रीनारायणन
- लिस्ट मे ग्रेस बानू, शाहीन मलिक, आकाश सेठी और कुलदीप दंतेवाडिया जैसे पैरोकार और परिवर्तनकारी व्यक्तित्व भी शामिल हैं।
7 दिसंबर को न्यूजस्टैंड पर आएगा इश्यू, 12 दिसंबर को ग्रैंड गाला
टाइम मैगजीन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह विशेष TIME100 Next India प्रिंट इश्यू 7 दिसंबर से दुनिया भर के न्यूजस्टैंड पर उपलब्ध होगा। इस अंक में सभी 100 चुने गए चेहरों की विस्तृत प्रोफाइल और उनकी उपलब्धियों की कहानी प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 12 दिसंबर को एक भव्य TIME100 Next India गाला इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में आलिया भट्ट, आर्यन खान, पायल कपाड़िया, थेजा रियो और पवन कुमार चंदना समेत कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की तैयारी है, जहां गायक फहीम अब्दुल्ला की विशेष लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी।
