शहर

Dehradun News: सीएम धामी ने देहरादून Zoo में नए मेहमान 'तेजस' का किया स्वागत, कॉलेज छात्रों के लिए फ्री एंट्री की घोषणा

Dehradun News: देहरादून के चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस अब नया आकर्षण बनेगा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज यहां एक नए बाड़े का उद्घाटन किया और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए फ्री एंट्री की घोषणा भी की।

Image

देहरादून जू मेंं आया नया मेहमान, सीएम धामी ने किया स्वागत

Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के चिड़ियाघर में पर्यटकों को अब सफेद बाघ देखने का भी मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानी गुरुवार 19 नवंबर को चिड़ियाघर में सफेद बाघ 'तेजस' के लिए बनाए गए नए बाड़े का उद्घाटन किया और नए मेहमान का स्वागत किया। करीब ढाई साल के तेजस को मध्य प्रदेश में ग्वालियर से देहरादून लाया गया है। सफेद शरीर, काली धारियां और नीली आंखें इसे दूसरे बाघों से अलग पहचान देती हैं।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए भी चिड़ियाघर में फ्री एंट्री की घोषणा की। अभी तक बच्चों के लिए मुफ्त एंट्री की व्यवस्था थी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

देहरादून जू का नया आकर्षण

करीब ढाई साल का सफेद बाघ तेजस अब देहरादून चिड़ियाघर का नया आकर्षण होगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए तैयार किए गए विशेष बाड़े का उद्घाटन किया। सफेद बाघ अपनी अलग शारीरिक बनावट और आकर्षक नीली आंखों के कारण पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहते हैं। तेजस के आने से चिड़ियाघर में वन्यजीवों की विविधता भी बढ़ेगी।

हर साल पहुंचते हैं साढ़े आठ लाख पर्यटक

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में हर साल करीब साढ़े आठ लाख पर्यटक पहुंचते हैं। इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा।

कॉलेज छात्रों को निशुल्क प्रवेश देने के फैसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे युवाओं को प्रकृति और वन्यजीवों को और करीब से समझने का मौका मिलेगा।

इकोलॉजी और इकोनॉमी में संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में विकास के साथ इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी कहा कि इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

Abhishek Sinha
अभिषेक सिन्हाauthor

पत्रकारिता में 23वर्षों का अनुभव पिछले 19 वर्षों से उत्तराखंड की छोटी से लेकर बड़ी ख़बरों को करने में अहम योगदान एवं सबसे आगे, दिल्ली एनसीआर में जैन टीवी और BAG फिल्म्स के साथ उत्तराखण्ड में आजतक टीवी9,live india, और समाचार प्लस के लिए इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म के तहत कई बड़ी ख़बरों को जनता के सामने बड़ी निर्भीकतापूर्वक और ईमानदारी के साथ पेश किया और कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका के साथ जन सरोकार की ख़बरों में प्रमुखता से सबसे आगे और सटीक जानकारी के साथ ख़बरों को जनता के सामने परोसने का जस्बा और हिम्मत भरा लंबा सफ़र.

और पढ़ें
End of Article