NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसके माध्यम से एमबीबीएस, BDS और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। NEET UG 2026 परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों को लेकर छात्रों की शिकायतों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि अब तक लगभग एक लाख अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड सफलतापूर्वक डाउनलोड कर चुके हैं और सभी उम्मीदवारों को समय पर एडमिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।
NTA ने कहा कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले उम्मीदवारों को बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सत्यापित करने का विकल्प दिया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी तरह छात्रों के हित में है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के शुल्क रिफंड की स्थिति बनने पर धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जा सके। एजेंसी के अनुसार यह सुविधा दो-स्तरीय प्रमाणीकरण (Two-Factor Authentication) के साथ उपलब्ध कराई गई है, जिससे छात्रों की जानकारी सुरक्षित रहे।
बता दें कि 21 जून को होने वाले नीट यूजी री एग्जाम के लिए 14 जून की शाम एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इसके बाद कई अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर वेबसाइट धीमी चलने और लॉगिन में परेशानी की शिकायतें की थीं। इस पर NTA ने स्वीकार किया कि बड़ी संख्या में छात्र एक साथ पोर्टल पर पहुंच रहे हैं, जिसके कारण सर्वर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। हालांकि एजेंसी का कहना है कि तकनीकी टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सर्वर क्षमता बढ़ाने समेत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
NEET Re Exam Admit Card 2026 Download: ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- सबसे पहले neet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर जाकर NTA
NEET UG Admit Card 2026 Download लिंक पर क्लिक करें। - यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर व पासवर्ड दर्ज करें।
- एडमिट कार्ड आपके स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा।
- नीचे डाउनलोड पर क्लिक कर इसे अपने डेक्सटॉप पर सेव कर लें।
यदि आपके एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की कोई श्रुटि पाई जाती है तो ऑफिशियल मेल आईडी पर जाकर अपना मेल करें। ध्यान रहे परीक्षा हॉल में अभ्यर्थियों को बिना एडमिट कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड की छायाप्रति व पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ ले जाना न भूलें।
एनटीए की छात्रों से अपील
NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और बार-बार वेबसाइट रिफ्रेश करने से बचें। जिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दिक्कत आ रही है, वे कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि सभी पात्र उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का पूरा अवसर मिलेगा।
