Chintan Shivir 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और छात्रों का भरोसा मजबूत करने के लिए चार दिन का 'चिंतन शिविर' आयोजित किया। इस बैठक का मुख्य फोकस Integrity यानी परीक्षा में ईमानदारी और पारदर्शिता, Inclusion यानी सभी उम्मीदवारों को बेहतर सुविधा और Innovation यानी नई तकनीक व नए तरीकों का इस्तेमाल पर था। यह शिविर NTA के मिंटो रोड, नई दिल्ली स्थित नए कार्यालय में हुआ।
इसमें अधिकारियों ने परीक्षा कराने के मौजूदा तरीके, सिस्टम में सुधार और टेक्नोलॉजी के बेहतर इस्तेमाल जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। NTA द्वारा आयोजित शिविर में इस बात पर चर्चा हुई कि परीक्षा आयोजित करने के मौजूदा सिस्टम में कहां सुधार की जरूरत है। साथ ही उम्मीदवारों के अनुभव को बेहतर बनाने और ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर विचार किया गया जिससे परीक्षा प्रक्रिया पर छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा बढ़ सके।
अधिकारियों ने टेक्नोलॉजी और बेहतर प्रक्रियाओं के जरिए परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के तरीकों पर भी मंथन किया।
NEET UG विवाद के बाद बढ़ी भरोसे की चुनौती
यह चिंतन शिविर ऐसे समय में हुआ है जब NTA को परीक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवालों का सामना करना पड़ा है। NEET UG 2026 पेपर लीक और कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। इस पूरे विवाद के बाद परीक्षा व्यवस्था और NTA की कार्यप्रणाली पर काफी चर्चा हुई। ऐसे माहौल में NTA का यह शिविर परीक्षा सिस्टम में कमियों को पहचानने और आगे की व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
NTA ने बताया आगे का लक्ष्य
NTA ने कहा कि यह शिविर सिर्फ अब तक के काम की समीक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि आगे की दिशा तय करने पर भी ध्यान दिया गया। एजेंसी का लक्ष्य ऐसी 'नई NTA' तैयार करना है, जिसकी प्रक्रियाएं ज्यादा पारदर्शी हों, सिस्टम मजबूत हो और उम्मीदवारों की जरूरतों के प्रति बेहतर तरीके से काम किया जा सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NTA क्या है? जानें इसकी स्थापना से लेकर NEET विवाद तक की पूरी कहानी
