एजुकेशन

क्या सच में टेलीग्राम पर लीक हुआ NEET UG 2026 री-एग्जाम का पेपर? सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर NTA -PIB ने दी बड़ी सफाई

NEET UG 2026: सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो, जिसमें टेलीग्राम पर नीट री-एग्जाम के पेपर को लीक होने के दावा किया गया है उसे NTA और PIB द्वारा फर्जी बताया गया।

Image

NEET UG 2026 (Photo - AI)

NEET UG 2026: 21 जून को आयोजित हुई वाली नीट यूजी 2026 री-एग्जाम (NEET UG 2026) के संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर पेपर लीक को लेकर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि टेलीग्राम के एक चैनल के माध्यम से नीट यूजी परीक्षा का पेपर फिर से परीक्षा से पहले लीक कर दिया गया था। परीक्षा लीक होने के इन दावों के बीच एक बार फिर छात्र हड़कंप मच गया है। अभिभावकों और उम्मीदवारों को इस चिंता से बाहर निकालने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और सरकार की नोडल एजेंसी प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने तुरंत इस पर एक्शन लेते हुए सच्चाई सामने रख दी है। पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने इसे फर्जी बताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी जारी किया है।

NTA ने दावों को बताया पूरी तरह 'झूठा और बेबुनियाद'

सोशल मीडिया पर नीट यूजी परीक्षा को लेकर अफवाहों का सिलसिला जारी है। इसी बीच पेपर लीक होने के लेकर जारी की गई वीडियो से छात्रों में बढ़ रही चिंता को कम करने के लिए और इस अफवाह को रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक ट्वीट जारी कर इस वायरल वीडियो और उसमें किए गए सभी दावों को पूरी तरह 'झूठा और बेबुनियाद' करार दिया। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि 21 जून 2026 को आयोजित हुई यह परीक्षा देश और विदेश के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और पैनी निगरानी के बीच सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई है। इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी या पेपर लीक की घटना नहीं हुई है।

झूठी अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया पर लगातार चल रही इस तरह की भ्रामक खबरों को फैलाने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। NTA का कहना है कि परीक्षा के समय छात्रों को गुमराह करने, उन्हें डराने या मानसिक तनाव देने के लिए जानबूझकर गलत जानकारी फैलाना एक गंभीर अपराध है। एजेंसी ने अपने ट्वीट में बताया कि वे I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) और कानून लागू करने वाली अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद ले रहे हैं, ताकि इस फर्जी कंटेंट को सोशल मीडिया पर डालने और वायरल करने वाले मुख्य अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

PIB ने भी वीडियो को बताया 'फेक'

सरकार की आधिकारिक सूचना एजेंसी प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने भी एनटीए के इस स्पष्टीकरण को री-पोस्ट करते हुए देश के सामने सच्चाई रखी। पीआईबी ने बताया कि "सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर कर टेलीग्राम पर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का पेपर लीक होने का दावा किया जा रहा है, वह पूरी तरह से फर्जी है। परीक्षा की शुचिता बरकरार है और छात्र इन बातों पर बिल्कुल ध्यान न दें।

सुरक्षा के कड़े पहरे में 20 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा

एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि अब तक पेपर लीक के संबंध में एक भी शिकायत या ईमेल प्राप्त नहीं हुआ है। उन्हें इस बार की सुरक्षा प्रक्रिया पर 100% भरोसा है। इस परीक्षा को सुचारू बनाने के लिए भारतीय वायुसेना, डाक विभाग, अर्धसैनिक बलों, पुलिस, जिला मजिस्ट्रेटों , बैंकों, एनआईसी और रेलवे जैसी कई बड़ी राष्ट्रीय एजेंसियों ने मिलकर काम किया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस री-एग्जाम में भारत और विदेशों के कुल 5,454 केंद्रों पर 20 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे।

NTA की छात्रों से अपील

पेपर लीक के दावे को गलत बताते हुए एनटीए अपने ट्वीट के अंत में सभी छात्रों, माता-पिता और आम जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि देश के 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों को एक शांत, सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा माहौल मिलने का पूरा अधिकार है। इसलिए किसी भी तरह की अटकलों या सोशल मीडिया की अफवाहों को बढ़ावा न दें। साथ ही परीक्षा से जुड़ी किसी भी नवीनतम और सटीक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in या एनटीए के अधिकृत सोशल मीडिया हैंडल्स पर ही भरोसा करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article