वायरल न्यूज़

पुष्कर मेले में 'बादल' की शाही एंट्री, 40 बाउंसर के साथ पहुंचा घोड़ा, जमकर हुई नोटों की बारिश, वीडियो वायरल

Viral Video: राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले 2026 में केकड़ी के राहुल जेतवाल का सफेद घोड़ा 'बादल' सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। मेले में बादल की एंट्री किसी फिल्मी सितारे की तरह हुई, जहां 40 बाउंसरों ने सुरक्षा घेरा बनाया और मालिक ने नोटों की बारिश की।

Image

'बादल' घोड़े की धांसू एंट्री (तस्वीर साभार- @vishal78_)

Viral Video: राजस्थान की रेतीली धरती पर लगने वाले विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में हर साल एक से बढ़कर एक नायाब नस्ल के घोड़े और ऊंट पहुंचते हैं। लेकिन, इस बार मेले की सारी रौनक और सुर्खियां एक ही नाम ने बटोर ली हैं और वह नाम है 'बादल'। दूध जैसा सफेद रंग, कद-काठी ऐसी कि देखने वाले की गर्दन ऊपर उठ जाए और ठाठ-बाट ऐसे कि बड़े-बड़े फिल्मी सितारे भी शरमा जाएं। मेले में बादल की शाही एंट्री के बाद से ही इंटरनेट पर उसके वीडियो आग की तरह फैल रहे हैं। कहीं उसके चारों ओर बाउंसरों की फौज दिख रही है, तो कहीं उसकी शाही डाइट की चर्चा हो रही है।

रविवार को जब 'बादल' पुष्कर मेला मैदान में उतरा, तो नजारा देखने लायक था। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच करीब 40 बाउंसरों ने चारों तरफ से सुरक्षा घेरा बना रखा था, ताकि भारी भीड़ के बीच बादल को किसी तरह की असुविधा न हो। जैसे ही बादल अपने टेंट की ओर बढ़ा, उसके मालिक ने खुशी में नोटों की बारिश शुरू कर दी। बादल की एक झलक पाने और उसके साथ सेल्फी लेने के लिए मेले में इतना हुजूम उमड़ पड़ा कि रास्तों पर जाम जैसे हालात बन गए। मेले के बीच बादल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उसकी रईसी और देखभाल को लेकर कई दिलचस्प दावे किए जा रहे हैं। देखें वीडियो...

मेले में छाया 'बादल'

वीडियो के मुताबिक बादल की देखभाल किसी वीआईपी मेहमान की तरह की जाती है और उसे पीने के लिए सामान्य पानी के बजाय बिसलेरी की बोतल का पानी दिया जाता है। उसकी सेहत और चमक बनाए रखने के लिए डाइट का खास ख्याल रखा जाता है, जिसमें एक बार में देसी गाय का 5 लीटर दूध पिलाने की बात कही जा रही है। सफर के लिए भी उसके पास खास तौर पर डिजाइन की गई लग्जरी और सुरक्षित वैन मौजूद है, जिसमें वह सफर करता है। सफेद रंग के इस शानदार घोड़े के मालिक राहुल जेतवाल हैं, जो राजस्थान के केकड़ी के रहने वाले हैं। राहुल इस बार पुष्कर मेले में अकेले बादल को लेकर नहीं आए हैं, बल्कि उनके काफिले में तीन खास घोड़े शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 5 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को vishal78 नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। जबकि, एक लाख से ज्यादा लोगों ने इस वीडियो को पसंद किए हैं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article