Hapur Police Action: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से संवेदनहीनता और कानून की धज्जियां उड़ाने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सोशल मीडिया पर 'रील' बनाने और स्टंटबाजी का भूत युवाओं के सिर इस कदर सवार है कि उन्हें अपनी मौज-मस्ती के आगे किसी की जिंदगी की भी परवाह नहीं है। सड़क पर गाड़ियों की छत पर चढ़कर ठुमके लगा रहे इन हुड़दंगियों ने सायरन बजाती एंबुलेंस का रास्ता रोक दिया, जिसमें एक मरीज जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था।
थार और स्कॉर्पियो की छत पर जमकर किया हुड़दंग
मामला हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बछलौता मार्ग का है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक दिनदहाड़े बीच सड़क पर काले रंग की थार (Thar) और स्कॉर्पियो (Scorpio) गाड़ियों की छतों पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट और डांस कर रहे हैं। इस हुड़दंग की वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसमें मरीज को अस्पताल ले जा रही दो एंबुलेंस भी फंस गईं। एंबुलेंस का सायरन लगातार चीखता रहा, लेकिन नशे और रौब में चूर इन युवकों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके अलावा, रात के समय डीजे और गाड़ियों की छतों पर सरेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने के वीडियो भी सामने आए हैं।
योगी की पुलिस का कड़ा एक्शन, एक आरोपी गिरफ्तार
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और आम जनता में भारी गुस्सा देखने के बाद हापुड़ पुलिस तुरंत हरकत में आई। बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की:
गिरफ्तारी: पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार को बरामद कर लिया है और मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के रहने वाले मुख्य आरोपी शौकीन को गिरफ्तार कर हवालात की हवा खिला दी है।
भारी जुर्माना: इस हुड़दंग में शामिल दूसरी 'थार' गाड़ी पर भी पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 20,500 रुपये का चालान ठोक दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर बाकी फरार हुड़दंगियों की भी शिनाख्त की जा रही है, ताकि सड़क पर कानून को ताक पर रखकर रौब झाड़ने वालों को कड़ा सबक सिखाया जा सके।
