Mansukh Mandaviya Launches Physical Education Module: भारत में खेल प्रतिभाओं की तलाश अब स्कूल और कॉलेज के मैदानों से भी व्यवस्थित तरीके से करने की तैयारी है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने हाल ही में नई दिल्ली में National Sports Repository System (NSRS) पर Physical Education Professionals’ Module लॉन्च किया। इसका मकसद छात्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाना है। इस पहल में फिजिकल एजुकेशन यानी PE Teachers को खास भूमिका दी गई है। वजह यह है कि स्कूल और कॉलेज में बच्चों के साथ नियमित रूप से रहने वाले शिक्षक उनकी खेल क्षमता को काफी शुरुआती स्तर पर पहचान सकते हैं। सरकार का मानना है कि सही समय पर मार्गदर्शन मिलने से कई बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाया जा सकता है।
PE Teachers का बनेगा देशव्यापी डिजिटल रिकॉर्ड
इस योजना के तहत PE Teachers का एक व्यापक राष्ट्रीय रिपॉजिटरी तैयार किया जाएगा। इसमें शिक्षकों की योग्यता, स्किल और उनकी विशेषज्ञता जैसी जानकारी दर्ज होगी। खेल मंत्री ने इस पूरी प्रक्रिया को छह महीने के भीतर पूरा करने और समय-समय पर इसकी समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
इस डिजिटल रिकॉर्ड से जरूरत के अनुसार योग्य PE Professionals की पहचान करने में मदद मिल सकती है। साथ ही जिन शिक्षकों के पास किसी खास खेल से जुड़ी विशेषज्ञता है, उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर भी मिल सकते हैं।
वैज्ञानिक तरीके से होगी प्रतिभा की तलाश
डॉ. मांडविया ने कहा कि खेल प्रतिभाओं की पहचान केवल अनुमान के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से होनी चाहिए। इसमें Sports Science की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। खेल विज्ञान का इस्तेमाल प्रतिभा पहचानने से लेकर खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और प्रदर्शन सुधारने तक किया जा सकता है।
मंत्रालय ने सभी Physical Education Professionals से NSRS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है। साथ ही जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर PE Teachers की संगठित भागीदारी बढ़ाने की बात कही गई है। इसका लक्ष्य इस पहल को सिर्फ एक डिजिटल मॉड्यूल तक सीमित रखने के बजाय देश में खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की व्यापक प्रक्रिया बनाना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CBSE Schools: फीस से लेकर कैंटीन तक डिजिटल पेमेंट को लेकर आया नया निर्देश, क्लिक कर जरूर पढ़ें
