एजुकेशन

CMO: मुख्यमंत्री ऑफिस में काम करने का है सपना? जानिए किन डिग्रियों और योग्यताओं के आधार पर मिलता ऑफिस

युवाओं को लगता है कि CMO में काम करने के लिए आपका आईएएस या पीसीएस अधिकारी बनना जरूरी है। लेकिन मुख्यमंत्री ऑफिस में यूजी और पीजी डिग्री धारकों के लिए भी कई नौकरियां है। आइए इसके बारे में विस्तार में जानते हैं।

Image

CMO में किन डिग्री धारकों को मिलती है नौकरी (Photo - AI/Newsroom Verified)

देश के किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री कार्यालय (Chief Ministers Office-CMO) शासन, प्रशासन और नीति निर्माण का सबसे मुख्य और शक्तिशाली केंद्र होता है। राज्य की हर बड़ी योजना, कानून और प्रशासनिक फैसलों की धुरी यहीं से संचालित होती है। ऐसे में, हर साल लाखों युवा प्रशासनिक सेवा (IAS/PCS) के जरिए इस व्यवस्था का हिस्सा बनने का सपना देखते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिविल सेवा परीक्षा के अलावा भी कई ऐसे रास्ते और स्पेशल पोजिशन है, जिनके जरिए आप सीधे सीएमओ (CMO) का हिस्सा बन सकते हैं? आज के इस डिजिटल और स्पेशलाइजेशन वाले दौर में सरकारों को केवल सामान्य अधिकारियों की ही नहीं, बल्कि डेटा एनालिस्ट, लीगल एक्सपर्ट, मीडिया कंसलटेंट और पॉलिसी रिसर्चर्स की भी भारी जरूरत होती है। तो आइए आज इसके बारे में विस्तार से जानें -

CMO में किन विभागों और पदों पर होती है विशेषज्ञों की नियुक्ति?

मुख्यमंत्री कार्यालय केवल पारंपरिक पदों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बहु-आयामी प्रशासनिक इकाई है। यहां विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों और विशेष योग्यता वाले युवाओं की आवश्यकता होती है, जिसके बारे में आपके लिए जानना जरूरी है। क्योंकि हो सकता है इनमें से किसी पद के लिए आप भी आवेदन कर सकते हैं और सीएम ऑफिस में काम करने का आपका सपना पूरा हो सकता है।

पॉलिसी एंड रिसर्च कंसलटेंटसरकार की योजनाओं का जमीनी आकलन करने, नई नीतियां बनाने और डेटा का विश्लेषण करने के लिए थिंक टैंक के विशेषज्ञों को रखा जाता है।
मीडिया और कम्युनिकेशन टीमसरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने, प्रेस रिलीज तैयार करने और डिजिटल मीडिया/सोशल मीडिया को संभालने के लिए जनसंपर्क विशेषज्ञों की टीम होती है।
लीगल एडवाइजरअदालती मामलों, संवैधानिक प्रावधानों और नए विधेयकों की कानूनी बारीकियों की जांच के लिए विधि विशेषज्ञों (Lawyers) की आवश्यकता होती है।
प्रौद्योगिकी और ई-गवर्नेंस विशेषज्ञसरकारी योजनाओं को डिजिटल रूप देने और साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया जाता है।

किन डिग्रियों और योग्यताओं के धारकों को मिलता है अवसर?

यदि आप डायरेक्ट यूपीएससी या राज्य लोक सेवा आयोग के रास्ते के अलावा सीएमओ में बतौर विशेषज्ञ प्रवेश पाना चाहते हैं, तो आपके पास निम्नलिखित में से कोई एक प्रमुख डिग्री या कौशल होना चाहिए -

लोक प्रशासन, राजनीति विज्ञान या पब्लिक पॉलिसीयह डिग्री सीधे तौर पर शासन प्रणाली, नीति निर्माण और ब्यूरोक्रेटिक स्ट्रक्चर को समझने में मदद करती है। नीति निर्माण (Policy Making) के पदों के लिए इन डिग्रियां वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है।
लॉ की डिग्री (LLB / LLM)यदि आपने देश के प्रतिष्ठित विधि संस्थानों से कानून की पढ़ाई की है, तो आप कानूनी सलाहकार या लीगल ड्राफ्टिंग सेल में एक महत्वपूर्ण पद के दावेदार बन सकते हैं।
मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्ममीडिया सेल और जनसंपर्क विभाग के लिए बेहतरीन लेखन कौशल, संवाद कला और मीडिया समन्वय की समझ रखने वाले पत्रकारिता स्नातकों की बहुत मांग होती है।
एमबीएबड़े पैमाने पर वित्तीय प्रबंधन, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और संसाधन आवंटन के लिए बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री रखने वाले प्रोफेशनल्स को कॉरपोरेट सेक्टर की तर्ज पर सरकार में सलाहकार नियुक्त किया जाता है।
इंजीनियरिंग या डेटा साइंसआधुनिक डिजिटल गवर्नेंस, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स और आईटी पोर्टफोलियो को संभालने के लिए तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं के लिए सीएमओ के दरवाजे खुले रहते हैं।

चयन प्रक्रिया और प्रवेश के रास्ते

पारंपरिक सिविल सेवा के अलावा सीएमओ तक पहुंचने के मुख्य मार्ग निम्नलिखित हैं -

- केंद्र और राज्य सरकारें समय-समय पर विभिन्न विभागों में 'यंग प्रोफेशनल्स', 'रिसर्च एसोसिएट्स' और 'कंसलटेंट्स' के लिए विज्ञापन जारी करती हैं। ये नियुक्तियां आमतौर पर अनुबंध (Contract) के आधार पर होती हैं।

- देश के कई प्रतिष्ठित संस्थान (जैसे IIMs, IITs या टीडीएसएफ जैसी फेलोशिप) युवाओं को सीधे मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के कार्यालयों के साथ इंटर्नशिप और पॉलिसी फेलो के रूप में काम करने का अवसर देते हैं।

सीएमओ में करियर बनाने के लिए जरूरी सॉफ्ट स्किल्स

शासन के उच्चतम स्तर पर काम करते समय आपको जटिल प्रशासनिक मुद्दों को सरल भाषा में समझाना और उच्च अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाना आना चाहिए। सीएमओ राज्य के सबसे संवेदनशील दस्तावेजों और फैसलों का केंद्र होता है, इसलिए यहां काम करने वाले पेशेवरों के पास अत्यधिक गोपनीयता और नैतिक निष्ठा का होना सबसे बड़ी शर्त है। यदि आपके पास सही डिग्री, जुनून और देश सेवा का जज्बा है, तो आप भी अपनी विशेषज्ञता के दम पर इस प्रतिष्ठित प्रशासनिक सफर का हिस्सा बन सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article