एजुकेशन

MP TET 2026: एमपी टीईटी के लिए कब से शुरू होंगे आवेदन, डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए जानें कब होगी परीक्षा

MP TET 2026: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। जानें कब से शुरू होंगे आवेदन, कब होगी परीक्षा

Image

एमपी टीईटी के लिए कब से शुरू होंगे आवेदन

MP TET 2026: अगर आप मध्य प्रदेश में शिक्षक की नौकरी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की होने वाली है। दरअसल, राज्य में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए TET 2026 को लेकर जरूरी अपडेट सामने आई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, MP TET 2026 की परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षक अब आवेदन की तैयारी कर सकते हैं। जानें कब से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

MP TET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र शिक्षक 4 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। अगर आवेदन फॉर्म भरते समय किसी तरह की गलती हो जाती है, तो उसमें सुधार का मौका भी दिया जाएगा। अभ्यर्थी 21 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन में जरूरी बदलाव कर सकेंगे।

आवेदन के लिए कितनी फीस देनी होगी?

ESB ने TET 2026 के लिए परीक्षा और आवेदन से जुड़े अलग-अलग शुल्क भी तय किए हैं। प्रत्येक प्रश्न-पत्र के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा। इसके अलावा आवेदन के तरीके के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क भी लग सकता है। MP Online कियोस्क के जरिए फॉर्म भरने पर 60 रुपये कियोस्क शुल्क देना होगा। वहीं, रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर लॉगिन के जरिए खुद ऑनलाइन आवेदन करने पर 20 रुपये पोर्टल शुल्क लगेगा। आवेदन में सुधार के लिए भी शुल्क निर्धारित है। पहले चरण में संशोधन करने पर 20 रुपये और अंतिम चरण में सुधार करने पर 40 रुपये शुल्क देना होगा।

परीक्षा में कितने सवाल पूछे जाएंगे

प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। प्रत्येक सवाल एक अंक का होगा और इस तरह पेपर कुल 150 अंकों का रहेगा। पेपर हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। अच्छी बात यह है कि परीक्षा में गलत जवाब देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। यानी MP TET 2026 में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है।

TET पास करने के लिए कितने अंक जरूरी?

MP TET 2026 में अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स तय किए गए हैं। SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांगजन वर्ग के लिए कम से कम 50 प्रतिशत अंक। वहीं सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article