छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। दशहरा मैदान में सुबह 10:30 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। सम्मेलन में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, उसकी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।
देशभर में हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाना है।
उलगुलान के नायक थे भगवान बिरसा मुंडा
भगवान बिरसा मुंडा का नाम भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के उन जनजातीय नायकों में शामिल है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका था। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित करते हुए उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष केवल ब्रिटिश शासन के विरोध तक सीमित नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा से भी जुड़ा था।बिरसा मुंडा का जीवन और संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जनजातीय गौरव दिवस के जरिए उनके साथ-साथ देश के अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया जाता है।
