कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर भारत में बादलों में धुंध छाई नजर आ रही है। दिनभर धूप-छांव का दौर जारी रहा। इस बीच मौसम विभाग ने कुछ हिस्सों पर मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की सक्रियता से हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ जिलों तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन व बारिश होने का अलर्ट है। इस मौसम का असर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर दिखाई देगा। हालांकि, पहाड़ों पर अब पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे कमजोर होता जा रहा है, लेकिन अगले 24 घंटे बाद लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की संभावना बढ़ रही है। इस दौरान ऊंचाई वाले भागों पर बर्फबारी का सिलसिला बढ़ सकता है। अब तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंडक का असर बढ़ेगा। स्काईमेट ने दक्षिण भारतीय राज्यों अंडमान और निकोबार द्वीप में उत्तर-पूर्वी मानसून की सक्रियता से वर्षा का अलर्ट है। उधर, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने से समुद्री तूफान के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में अनुमान है कि अगले कुछ घंटे के दौरान तमिलनाडु, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई स्थानों पर बादल छाए हुए हैं और बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान बीकानेर, गंगानगर, जैसलमेर, फलोदी, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो रही है। रविवार को कई भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बीकानेर संभाग, अजमेर, जयपुर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है। हालांकि राज्य के अधिकांश भागों में मौसम सूखा रहने की संभावना है। फिलहाल, न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की पूरी संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादल धुंध में लिपटे हुए हैं। वायु गुणवत्ता ’बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में स्थिति और भी बिगड़ने की आशंका है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार एक्यूआई 348 दर्ज किया गया। आईएमडी की मानें तो कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है और कुछ हिस्सों पर बूंदाबांदी भी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, किसी बड़ी मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है। इस बीच हवा की क्वालिटी खराब रहेगी। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 तक का एक्यूआई ’अच्छा’, 51 से 100 तक ’संतोषजनक’, 101 से 200 तक ’मध्यम’, 201 से 300 तक ’खराब’, 301 से 400 तक ’बहुत खराब’ और 401 से 500 तक ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तूफान की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जिससे तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। सिस्टम शुक्रवार को मध्य अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बने एक 'अपर-एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन' के कारण बना है। इसके शुरुआत में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और वीकेंड तक और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ेगा, जहां की स्थितियां इसे एक चक्रवाती तूफान में बदलने में मदद कर सकती हैं। पश्चिमी घाट से सटे जिलों नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, तिरुपुर और तेनकासी में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। विरुधुनगर, कन्याकुमारी और तिरुनेलवेली जिलों में भी एक-दो जगहों पर बारिश का अनुमान है। उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में दिन के समय कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
