कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भारत बहुधार्मिक समाज है और धर्म किसी राष्ट्र के गठन का एकमात्र आधार नहीं हो सकता। उन्होंने पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू और मौलाना अबुल कलाम आजाद की साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों नेता भारत की मिली-जुली विरासत के प्रतीक थे और देश की विविधता का सम्मान करने में विश्वास रखते थे।
रमेश ने कहा कि मौलाना आजाद ने 1952-53 में ही भविष्यवाणी की थी कि पश्चिमी और पूर्वी पाकिस्तान केवल धर्म के आधार पर एकजुट नहीं रह सकते। उनकी यह बात 1971 में सही साबित हुई, जब भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद पूर्वी पाकिस्तान अलग होकर बांग्लादेश बना। उन्होंने कहा कि नेहरू और आजाद दोनों गहरे आध्यात्मिक विचारों वाले व्यक्ति थे, लेकिन कर्मकांडों में उनकी विशेष रुचि नहीं थी। वे मानते थे कि देश की एकता बनाए रखने के लिए धर्म, भाषा, जाति और क्षेत्रीय विविधताओं का सम्मान और उत्सव मनाना जरूरी है।
रमेश ने इस बात का उल्लेख किया कि 11 नवंबर को मौलाना आजाद और 14 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू की जयंती होती है। उन्होंने कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख इमरान प्रतापगढ़ी से आग्रह किया कि नेहरू जयंती की तरह हर वर्ष आजाद की जयंती भी गंभीरता से मनाई जाए और नयी पीढ़ी को उनके विचारों तथा योगदान से परिचित कराया जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '...PM मोदी को हम हराने जा रहे', राहुल गांधी का हैदराबाद में बड़ा दावा
नेहरू और आजाद की कब हुई थी पहली मुलाकात?
उन्होंने बताया कि नेहरू और आजाद की पहली मुलाकात 1920 में हुई थी। वर्ष 1923 में 35 वर्ष की उम्र में आजाद कांग्रेस अध्यक्ष बने। दोनों नेताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लंबा समय जेल में बिताया। नेहरू नौ वर्ष और आजाद करीब दस वर्ष जेल में रहे। रमेश के अनुसार, 1940 के रामगढ़ अधिवेशन में आजाद का अध्यक्षीय भाषण कांग्रेस के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण भाषणों में से एक था, जिसका अंग्रेजी अनुवाद स्वयं नेहरू ने किया था।
उन्होंने अहमदनगर किले में दोनों नेताओं के साथ रहने का भी उल्लेख किया। वहां नेहरू ने अपनी प्रसिद्ध कृति 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' और आजाद ने 'गुबार-ए-खातिर' नामक पुस्तक लिखी। आजादी के बाद आजाद 11 वर्षों तक शिक्षा मंत्री रहे। रमेश ने कहा कि नेहरू और आजाद के बीच ऐसा आत्मीय संबंध था, जिसमें आजाद अपनी असहमति भी बेझिझक व्यक्त कर सकते थे।
