शहर

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर बवाल, यादव महासभा के प्रदर्शन के बाद बागेश्वर धाम में पुलिस तैनात, जानें पूरा माजरा

Dhirendra Shastri Remark: ​​मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान कृष्ण के बारे में की गई विवादित टिप्पणी को लेकर उपजे विवाद के बीच धाम के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया।

Image

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (फाइल फोटो)

Dhirendra Shastri Remark: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान कृष्ण के बारे में की गई विवादित टिप्पणी को लेकर उपजे विवाद के बीच शनिवार को धाम के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। शास्त्री के समर्थकों का शुक्रवार को अखिल भारतीय यादव महासभा के सदस्यों के साथ आमना-सामना हो गया था। यादव महासभा के सदस्य शास्त्री की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान शास्त्री के समर्थकों ने एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया था।

बागेश्वर धाम के आसपास पुलिस का पहरा

बागेश्वर धाम जिला मुख्यालय से लगभग 24 किलोमीटर दूर स्थित है। पुलिस अधीक्षक (SP) रजत सकलेचा ने फोन पर 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''बागेश्वर धाम के आसपास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसे लेकर कोई अन्य अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। शनिवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में हनुमान भक्त धाम पहुंचते हैं, इसलिए इन दिनों सामान्य तौर पर पुलिस बल की तैनाती की जाती है।'' उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ही तनाव कम हो गया था।

क्या है पूरा मामला?

शास्त्री ने 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में रामकथा के दौरान भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वरूपों की तुलना करते हुए कथित तौर पर कहा था कि राम सीधे खड़े होते हैं, जबकि कृष्ण टेढ़े होकर खड़े होते हैं। भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, उनकी बांसुरी और वृंदावन का उल्लेख करते हुए उन्होंने अयोध्या और वृंदावन की भी तुलना की थी।

उनकी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मथुरा और वृंदावन के संतों तथा भगवान कृष्ण के भक्तों ने आपत्ति जताई थी। संतों ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण समान रूप से पूजनीय हैं और उनकी तुलना करना उचित नहीं है। इसके बाद शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया था कि भगवान राम और भगवान कृष्ण में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा था कि यदि उनकी टिप्पणी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है।

अधिकारियों ने बताया कि यादव महासभा ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। संगठन का आरोप था कि शास्त्री की टिप्पणी से भगवान कृष्ण और यादव समुदाय का अपमान हुआ है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शन के आह्वान के बाद संगठन के 300 से 400 सदस्य इलाके में पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें छतरपुर रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए 100 से ज्यादा लोग

इस बीच, बागेश्वर धाम के समर्थकों ने छतरपुर से करीब आठ किलोमीटर दूर बृजपुरा के पास चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जाम लगा दिया। इससे राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एसपी सकलेचा ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर ''आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट करने वाले'' लोगों की भी पहचान की जा रही है। अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी ने बताया कि 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article