एंटरटेनमेंट जगत से आज कई अहम खबरें सामने आई हैं। साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर गिरि बाबू का 83 साल की उम्र में निधन हो गया है। वहीं ‘रामायण’ को लेकर भी लगातार चर्चाएं जारी हैं। अनुपम खेर ने फिल्म की डबिंग के दौरान आई मुश्किलों का खुलासा किया, जबकि परिणीति चोपड़ा ने रणबीर कपूर और यश की फिल्म देखने के बाद अपना रिएक्शन दिया। संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी के बाद पहली झलक भी सामने आई है। इसके अलावा इम्तियाज अली, सोहा अली खान, अमित साध, वीर हिरानी और काजोल से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में हैं।
तेलुगु सिनेमा के दिग्गज एक्टर, निर्माता और निर्देशक गिरि बाबू का 83 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। गिरि बाबू ने अपने लंबे करियर में 600 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और हीरो, विलेन व कैरेक्टर आर्टिस्ट के रूप में पहचान बनाई।
‘रामायण’ में जटायु को आवाज देने वाले अनुपम खेर ने बताया कि फिल्म की डबिंग के पहले दिन उन्होंने काम रोक दिया था। फिल्म के 8-10 मिनट के दृश्य और जटायु के हिस्से देखने के बाद वो काफी प्रभावित हो गए थे। जटायु के दर्द और इमोशन्स को आवाज देना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने बताया कि आखिरी समय में जटायु के ‘हे राम’ संवाद को सही अंदाज में बोलने के लिए करीब 200 बार कोशिश की।
संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ग्रीस में शादी करने के बाद चेन्नई लौट आए हैं। दोनों को शनिवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर साथ देखा गया। अनिरुद्ध और काव्या ने एयरपोर्ट पर सिंपल आउटफिट पहने हुए थे और चेहरे पर मास्क लगाया था।
रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ देखने के बाद परिणीति चोपड़ा ने इसकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि फिल्म एक शानदार अनुभव है और हर सीन बड़े स्तर पर दिखाया गया है। परिणीति ने खास तौर पर इसके VFX और 3D की तारीफ की। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व का पल बताया और कहा कि ये किसी के लिए भावुक कर देने वाला अनुभव है।
फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने HT Leadership Summit 2026 में अपनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी इसे जोखिम भरी फिल्म नहीं माना, क्योंकि उनकी कहानी में पाकिस्तान नहीं, बल्कि बंटवारे से पहले का अविभाजित भारत दिखाया गया है। इम्तियाज ने बताया कि बंटवारा देखने वाले बुजुर्गों से मुलाकात और उनकी कहानियां सुनकर उन्हें फिल्म बनाने की प्रेरणा मिली। उन्हें भरोसा था कि Gen Z भी इसकी प्रेम कहानी से जुड़ पाएगी।
बाल दिवस के मौके पर सोहा अली खान ने अपने माता-पिता शर्मिला टैगोर और मंसूर अली खान पटौदी की बचपन की कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में दोनों जवाहरलाल नेहरू के साथ नजर आ रहे हैं।
राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी एक नई AI-जनरेटेड फीचर फिल्म में मोगली को अपनी आवाज देने जा रहे हैं। ये फिल्म ‘द जंगल बुक’ से प्रेरित है और इसका निर्माण श्रीपाल मोराखिया कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन सौमित्र रानाडे संभालेंगे। इसमें हिंदी वॉयस ट्रैक होगा।
एक्टर अमित साध ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि कुछ फिल्ममेकर और कास्टिंग डायरेक्टर उनसे नाराज क्यों हैं और उन्हें काम क्यों नहीं देते। उन्होंने कहा कि वो घर पर बैठकर काम का इंतजार नहीं कर रहे, बल्कि लगातार अच्छे प्रोजेक्ट करना चाहते हैं। अमित को उम्मीद है कि उनकी आने वाली फिल्म ‘प्रताप’ उनके लिए नए मौके लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि वो हार मानने वालों में से नहीं हैं।
काजोल ने बाल दिवस के मौके पर अपने बच्चों न्यासा देवगन और युग देवगन के साथ एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा, ‘मेरे बनाए हुए बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं।’