Punjab Assembly Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राज्य की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के एक साथ आने की अटकलों के बीच सूत्रों ने शनिवार को दावा किया कि दोनों दलों के बीच आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। सीट बंटवारा अंतिम रूप दिए जाने के बाद इसी महीने गठबंधन की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत
सूत्रों के अनुसार, एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी सी.आर. पाटिल 17 नवंबर को राज्य का दौरा कर सकते हैं। पाटिल चंडीगढ़ में प्रदेश भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे। शिअद और भाजपा के साथ आने की चर्चाएं तेज होने के बीच पाटिल के संभावित दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कुछ दिन पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि सिंह ने मादक पदार्थों की समस्या सहित राज्य के विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री के साथ चर्चा की है। इस मुलाकात के बाद से ही पंजाब में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
2020 में टूटा था 24 साल पुराना गठबंधन
गौरतलब है कि शिअद ने अब रद्द किए जा चुके तीन कृषि कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में भाजपा के साथ 24 साल पुराना अपना नाता तोड़ दिया था। उस समय एनडीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहीं हरसिमरत कौर बादल ने 2020 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद अकाली दल ने गठबंधन से नाता तोड़ लिया। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ीं, जिसमें दोनों को ही करारी हार का सामना करना पड़ा। उस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भारी बहुमत से सरकार बनाई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द लग सकती है मुहर
6 साल बाद फिर आ सकते हैं दोनों पुराने सहयोगी
अब करीब 6 साल बाद दोनों पुराने सहयोगियों के फिर से साथ आने की अटकलें तेज हैं। कुछ दिन पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी दोनों पार्टियों में गठबंधन के संकेत दिए थे। पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात के बाद सुखबीर बादल ने कहा था कि अकाली दल के मुख्य राजनीतिक विरोधी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस हैं। वहीं, भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि समान विचारधारा वाली पार्टी के साथ गठबंधन किया जा सकता है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पंजाब में एनडीए की सरकार बनने का दावा किया था। अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी बयान दिया था कि पंजाब के लिए दोनों पार्टियों का गठबंधन 'समय की मांग' है।
