एजुकेशन

इंटरव्यू में कैसे दें 'What Questions Do You Have For Me?' सवाल का जवाब? सही जवाब तय करेंगे आपकी सफलता

Interview Question: जॉब इंटरव्यू के अंत में अक्सर एक सवाल इंटरव्यूअर द्वारा पूछा जाता है कि 'What Questions Do You Have For Me?'। लेकिन कभी ही कोई कैंडिडेट सवाल नहीं करता है।

Image

इंटरव्यू में कैसे दें 'What Questions Do You Have For Me' सवाल का जवाब (Photo - AI/Newsroom Verified)

Interview Question: जॉब इंटरव्यू का अंतिम चरण अक्सर एक बेहद महत्वपूर्ण मोड़ पर आकर ठहरता है, जब इंटरव्यूअर आपसे मुस्कुराते हुए पूछता है— "What questions do you have for me?" (आपके पास मेरे लिए क्या सवाल हैं?)। इस दौरान अधिकांश उम्मीदवारों मन में सोचते हैं कि हम क्या ही सवाल करेंगे, सवाल करने का काम तो इनका है, क्या हम कोई सवाल पूछ सकते हैं, या फिर उम्मीदवार इसे एक औपचारिक या शिष्टाचार से भरा सवाल मानकर "नहीं, मेरे पास कोई सवाल नहीं है" कहकर छोड़ देते हैं।

हालांकि, यह आपकी सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है। असल में, यह सवाल इंटरव्यू का अंत नहीं, बल्कि अपनी रुचि, समझ और बुद्धिमत्ता साबित करने का आखिरी और सबसे शानदार मौका होता है। सही सवाल पूछकर आप इंटरव्यूअर पर एक मजबूत और सकारात्मक छाप छोड़ सकते हैं। जॉब से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं इंटरव्यू के दौरान इस महत्वपूर्ण सवाल का जवाब कैसे देना है।

इंटरव्यूअर यह सवाल क्यों पूछता है?

What Questions Do You Have For Me सवाल के जवाब के बारे में जानने से पहले यह जानना जरूरी है कि इंटरव्यूअर द्वारा पूछे गए इस सवाल के पीछे उसका उद्देश्य क्या है? इस सवाल के जरिए रिक्रूटर केवल आपको बोलने का मौका नहीं दे रहा होता, बल्कि वह निम्नलिखित बातों को आंकना चाह रहा है -

आपकी रुचि - क्या आप इस रोल और कंपनी को लेकर सच में गंभीर हैं?

कंपनी रिसर्च - क्या आपने इंटरव्यू में आने से पहले कंपनी के काम और वर्क कल्चर को समझा है?

सोचने का नजरिया - आप केवल काम मांगने आए हैं या कंपनी के विकास में अपना योगदान देने की सोच रखते हैं?

पूछने के लिए 4 सबसे प्रभावी और स्मार्ट सवाल

अगर आप इंटरव्यूअर के सामने एक परिपक्व और पेशेवर इमेज बनाना चाहते हैं, तो इन कैटेगरी के अनुसार सवाल पूछ सकते हैं -

रोल और जिम्मेदारियों से जुड़े सवाल

उदाहरण - "इस रोल में शुरुआत करने वाले व्यक्ति के लिए पहले 90 दिनों (3 महीनों) में सफलता के क्या मानदंड होंगे?"

(यह सवाल दिखाता है कि आप ज्वाइन करते ही परिणाम देने के लिए तैयार हैं।)

टीम और वर्क कल्चर से जुड़े सवाल

उदाहरण: "उस टीम का वर्किंग स्टाइल कैसा है जिसके साथ मुझे काम करना होगा? क्या आप कंपनी के कल्चर की सबसे बड़ी खासियत बता सकते हैं?"

(इससे पता चलता है कि आप टीम प्लेयर हैं और कंपनी के माहौल में ढलना चाहते हैं।)

ग्रोथ और भविष्य की योजनाओं से जुड़े सवाल

उदाहरण: "कंपनी अगले 2-3 वर्षों में किन नए प्रोजेक्ट्स या लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है?"

(यह सवाल दर्शाता है कि आपकी सोच दूरदर्शी है और आप लंबे समय तक कंपनी से जुड़ना चाहते हैं।)

इंटरव्यूअर के व्यक्तिगत अनुभव से जुड़े सवाल

उदाहरण: "इस कंपनी में काम करते हुए आपका व्यक्तिगत अनुभव कैसा रहा है और आपको यहां सबसे ज्यादा क्या पसंद है?"

(यह सवाल इंटरव्यूअर के साथ एक अनौपचारिक और सकारात्मक जुड़ाव (Connection) बनाने में मदद करता है।)

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

इस सवाल के दौरान आपको कुछ विशेष बातों यानी क्या करें, क्या न करें पर ध्यान देना जरूरी है।

क्या करें

कम से कम 2-3 सवाल तैयार रखें - अगर आपके कुछ सवालों के जवाब इंटरव्यू के दौरान मिल जाएं, तो आपके पास बैकअप सवाल होने चाहिए। |

नोटबुक का इस्तेमाल करें - सवाल पूछते समय बिंदु नोट करना आपकी गंभीरता को दिखाता है।

कंपनी की वेबसाइट से जुड़े सवाल पूछें - हालिया खबरों या उपलब्धियों का जिक्र करके सवाल करें।

क्या न करें

"कोई सवाल नहीं है" न कहें - यह आपकी अरुचि या अति-आत्मविश्वास को दर्शाता है।

पहली ही मुलाकात में सैलरी या छुट्टियों पर सवाल न करें - जब तक कंपनी खुद ऑफर न दे, पहली बार में लीव पॉलिसी या ब्रेक्स पर चर्चा न करें।

बेसिक जानकारी न पूछें - ऐसे सवाल न पूछें जिनका जवाब कंपनी के होमपेज पर साफ लिखा हो (जैसे- "कंपनी क्या काम करती है?")।

क्यों जरूरी है इंटरव्यूअर से सवाल

इंटरव्यू केवल कंपनी द्वारा आपका टेस्ट लिया जाना नहीं है, बल्कि यह आपके लिए भी यह जांचने का मौका है कि क्या वह वर्कप्लेस आपके करियर के लिए सही है। जब इंटरव्यूअर पूछे कि "What questions do you have for me?", तो इसे एक अवसर की तरह लें। सही और सटीक सवाल न केवल आपकी उत्सुकता को साबित करते हैं, बल्कि आपके चयन की संभावनाओं को भी कई गुना बढ़ा देते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article