CBSE Re-Evaluation : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों के बाद आंसर शीट्स और री इवैल्यूएशन पोर्टल में तमाम तरह की खामियों से लाखों छात्रों को बेहद परेशानी हुई। छात्र परेशान थे क्योंकि टेक्निकल ग्लिच के बाद उनके पास एक्स्ट्रा समय नहीं था। ऐसे में बोर्ड ने छात्रों को अतिरिक्त समय देते हुए 12वीं के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को 6 तारीख को बड़ी राहत दी थी। बोर्ड ने बताया था कि री वेरिफिकेशन और इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 7 जून की मध्यरात्रि कर दिया गया है। हालांकि तारीख आगे बढ़ाने के बाद भी कई छात्रों को परेशानी हुई। अब ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या बोर्ड री इवैल्यूएशन के लिए पोर्टल को फिर से खोलेगा ?
क्या होता है री इवैल्यूएशन/री चेकिंग ?
सबसे पहले तो ये जान लेते हैं कि ये री-इवैल्यूएशन या फिर पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया होती क्या है ? दरअसल, ये एक ऐसा प्रोसेस है, जिसके तहत परीक्षा में जांची गई आपकी आंसर शीट्स को दोबारा किसी एग्जामिनर से चेक करवाया जाता है। इसका उद्देश्य होता है कि आपको मिले मार्क्स सही हैं या फिर नहीं। क्या चेकिंग में कोई मानवीय भूल हुई है? री इवैल्यूएशन और री चेकिंग को कई बार छात्र एक ही समझ बैठते हैं लेकिन दोनों में काफी अंतर होता है। री चेकिंग में सिर्फ आपके नंबर्स को दोबारा गिना जाता है और ये देखा जाता है कि सभी प्रश्नों के नंबर्स जुड़े हैं या फिर नहीं। इसमें उत्तरों को दोबारा से पढ़ा नहीं जाता है।
वहीं री इवैल्यूएशन में आपकी उत्तर पुस्तिका का पूरा मूल्यांकन फिर से होता है। एग्जामिनर या फिर परीक्षक आपके आंसर्स को पढ़कर देखता है कि क्या आपको सही तरीके से अंक दिए भी गए हैं या फिर नहीं।
पोर्टल की डेडलाइन खत्म
अब बात करें पोर्टल बंद होने के बाद की तो डेडलाइन खत्म हो चुकी है। ये आखिरी डेट बोर्ड ने बढ़ाकर 6 से 7 जून की थी। इसे लेकर बोर्ड ने जानकारी भी दी थी। इसके साथ ही आखिरी डेट को लेकर भी बोर्ड ने छात्रों को चेताया था कि वे लास्ट मूमेंट पर आवेदन से बचें और तय समय सीमा के अंदर अंदर अपना आवेदन पूरा कर लें। ऐसे में छात्रों को एक और दिन का अतिरिक्त समय मिल गया था।
बढ़ाई गई थी लास्ट डेट
बोर्ड के आखिरी अपडेट की बात करें तो ये 7 जून को आया था, जिसमें यही बात कही गई थी कि आज, 07 जून 2026, कक्षा 12 की परीक्षा 2026 के लिए 'पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज़ पोर्टल' पर देखी गई समस्याओं के वेरिफिकेशन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन (re-evaluation) के लिए आवेदन जमा करने का आखिरी दिन है।
कई छात्रों को हो रही परेशानी
हालांकि डेट खत्म होने के बाद भी कई छात्रों की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में ये छात्र अपनी परेशानी फोटो और वीडियो के जरिये सोशल मीडिया पर बयां करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यही उठता है कि क्या इस पोर्टल को आवेदन के लिए फिर से खोला जाएगा या फिर नहीं?
फिलहाल बोर्ड ने इसे लेकर कोई नया अपडेट जारी नहीं किया है। बोर्ड के हैंडल पर लेटेस्ट अपडेट की बात करें तो वे आवेदन के लास्ट दिन से जुड़ा हुआ था। ऐसे में देखना ये होगा कि छात्रों की परेशानियों को देखते हुए सीबीएसई रीइवैल्यूएशन पोर्टल को फिर से आवेदन के लिए खोलता है या फिर नहीं। छात्रों को सलाह दी जाती है कि किसी भी अपडेट और जानकारी के लिए वे बोर्ड की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
