देश

'विदेशी मदद से PM बने हैं, हिम्मत है तो खुली बहस में आइए', राहुल गांधी ने PM मोदी को दी चुनौती

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद और समर्थन के जरिए सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि देश की आर्थिक व्यवस्था विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है और विदेशी सोशल मीडिया भी पीएम मोदी के साथ खड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी मंच पर और किसी भी समय चर्चा के लिए तैयार हैं।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दी पीएम मोदी को सीधी चुनौती। PTI

Photo : PTI

Rahul Gandhi Targets PM Modi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट लिखते हुए आरोप लगाया कि पीएम मोदी विदेशी मदद के दम पर प्रधानमंत्री बने और अब भी विदेशी समर्थन के सहारे सत्ता में बने हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी मंच पर और किसी भी समय चर्चा के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, "मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।"

'आपकी आर्थिक व्यवस्था विदेशियों के नियंत्रण में'

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन से चल रही है। उन्होंने विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी मोदी का समर्थन करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा, "आपकी वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और उनके समर्थन से है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।"

पीएम मोदी को दी खुली बहस की चुनौती

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को इस मुद्दे पर खुली बहस करने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि चर्चा के लिए मंच और समय प्रधानमंत्री अपनी सुविधा के मुताबिक चुन सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा, "मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए।" उन्होंने आगे दावा किया कि प्रधानमंत्री इस चुनौती को स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि वह उन बातों से डरते हैं, जिनकी जानकारी राहुल गांधी के पास है।

पीएम मोदी के राष्ट्रीय एकता दिवस वाले बयान पर राहुल गांधी का पलटवार

राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस हालिया संबोधन के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, जो उन्होंने गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम के दौरान दिया था। इस मौके पर पीएम मोदी ने विपक्ष का नाम लिए बिना आरोप लगाया था कि कुछ ताकतें देश की एकता को कमजोर करने और लोगों को बांटने की कोशिश में जुटी हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article