अध्यात्म

अचानक मोटे लाभ की तैयारी कर लें ये 6 राशियां, बुध और शनि का 144 डिग्री पर आना देगा शुभफल

Mercury Saturn Biquintile 2026: बुध और शनि एक-दूसरे से 144 डिग्री पर आ गए हैं। इससे बाई-क्विनटाइल एस्पेक्ट पड़ रहा है। यह कुछ राशि वालों के लिए बेहद ही शुभ रहने वाला है।

Image

बुध-शनि का बाईक्विटाइल योग किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा

Mercury Saturn Biquintile 2026: 2 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर बुध और शनि के बीच 144 डिग्री का विशेष कोण बन रहा है। ज्योतिष में इसे बाई-क्विनटाइल एस्पेक्ट कहा जाता है। बुध बुद्धि, कम्युनिकेशन, बिजनेस, लेखन और कैलकुलेशन के कारक हैं, जबकि शनि अनुशासन, मेहनत, धैर्य और लंबे समय की योजनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन दोनों ग्रहों के बीच बनने वाला यह संबंध कुछ राशियों के लिए अपनी स्किल को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने और करियर में नई संभावनाएं बनाने का मौका दे सकता है।

बुध-शनि बाई-क्विनटाइल योग 2026 का प्रभाव खासतौर पर वृषभ, मिथुन, कन्या, धनु, मकर और कुंभ राशि वालों के लिए अनुकूल रहने वाला है। इन राशियों के लिए यह संयोग नौकरी, बिजनेस, आर्थिक मामलों, शिक्षा और कम्युनिकेशन से जुड़े कामों में सकारात्मक बदलाव के संकेत दे रहा है। खास बात यह है कि इस समय बुध तुला राशि में वक्री और अस्त अवस्था में हैं, जबकि शनि मीन राशि में वक्री चल रहे हैं। ऐसे में अचानक लाभ की बजाय पुराने कामों को सुधारने, अधूरी योजनाओं को पूरा करने और धैर्य के साथ आगे बढ़ने से ज्यादा फायदा मिल सकता है।

बुध और शनि का बाई-क्विनटाइल योग क्या है

जब दो ग्रह एक-दूसरे से 144 डिग्री के कोण पर होते हैं, तो उनके बीच बाई-क्विनटाइल एस्पेक्ट बनता है। यह पांचवें हार्मोनिक से जुड़ा एक सूक्ष्म एस्पेक्ट है। आधुनिक ज्योतिष में इसे क्रिएटिविटी, खास स्किल, विश्लेषण करने की क्षमता और किसी मुश्किल समस्या का अलग तरीके से समाधान निकालने से जोड़कर देखा जाता है।

बुध और शनि के स्वभाव को समझें तो बुध तेजी से सोचने, जानकारी जुटाने और अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने की क्षमता देते हैं। शनि इसी सोच को अनुशासन, धैर्य और व्यावहारिकता के साथ आगे बढ़ाने का काम करते हैं। दोनों के बीच 144 डिग्री का संबंध बनने पर तकनीकी काम, रिसर्च, लेखन, अकाउंट्स, मैनेजमेंट, प्लानिंग और बिजनेस स्ट्रैटेजी से जुड़े लोगों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सकता है। आइए जानते हैं कि किन राशि वालों के लिए यह योग शुभ रहने वाला है।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के लिए बुध छठे भाव और शनि ग्यारहवें भाव में गोचर कर रहे हैं। छठा भाव नौकरी, प्रतियोगिता, मेहनत और विरोधियों से जुड़ा है, जबकि ग्यारहवां भाव आमदनी, लाभ और इच्छाओं की पूर्ति का प्रतिनिधित्व करता है। इस लिहाज से बुध और शनि का यह संबंध नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छा संकेत दे रहा है।

वृषभ राशि के लिए शनि भाग्य और कर्म भाव के स्वामी हैं। उनका ग्यारहवें भाव में होना आमदनी और करियर से जुड़े मामलों में सहयोग दे सकता है। नौकरी बदलने की कोशिश कर रहे लोगों को नई संभावनाएं मिल सकती हैं। कार्यक्षेत्र में लंबे समय से अटके काम पूरे होने और अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाने के योग हैं। बिजनेस करने वालों को पुराने क्लाइंट और संपर्कों से फायदा मिल सकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी अपनी रणनीति सुधारने का लाभ मिल सकता है। हालांकि बुध के वक्री और अस्त होने के कारण कागजी काम, भुगतान और किसी भी नए समझौते को ध्यान से जांचना जरूरी होगा।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के लोगों के लिए बुध पांचवें भाव और शनि दसवें भाव में गोचर कर रहे हैं। पांचवां भाव बुद्धि, शिक्षा, रचनात्मकता और निर्णय लेने की क्षमता से जुड़ा है, जबकि दसवां भाव करियर, पद और प्रतिष्ठा का प्रतिनिधित्व करता है। इन दोनों भावों के बीच बन रहा यह ग्रह संबंध मिथुन राशि वालों के लिए विशेष रूप से अनुकूल है।

मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं और वे पांचवें भाव में स्थित हैं। इससे आपकी बुद्धि, कम्युनिकेशन और किसी विषय को गहराई से समझने की क्षमता का अच्छा इस्तेमाल हो सकता है। वहीं शनि नौवें भाव के स्वामी होकर दसवें भाव में हैं। यह स्थिति भाग्य और कर्म के बीच अच्छा तालमेल बनाने का संकेत देती है। नौकरी में प्रमोशन, नई जिम्मेदारी या किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल सकता है। मैनेजमेंट, मीडिया, लेखन, टेक्नोलॉजी और शिक्षा से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए भी यह समय पढ़ाई की रणनीति सुधारने और कठिन विषयों पर पकड़ मजबूत करने वाला हो सकता है।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए बुध दूसरे भाव में और शनि सातवें भाव में गोचर कर रहे हैं। दूसरा भाव धन, बचत, परिवार और वाणी का है, जबकि सातवां भाव बिजनेस, पार्टनरशिप और पब्लिक डीलिंग से जुड़ा है। ऐसे में बुध और शनि का यह संबंध आर्थिक मामलों और बिजनेस करने वालों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

कन्या राशि के स्वामी बुध हैं और वे दसवें भाव के भी स्वामी हैं। दूसरे भाव में उनकी स्थिति करियर से होने वाली कमाई और आर्थिक योजनाओं को मजबूती दे सकती है। नौकरीपेशा लोगों को अपनी बातचीत, अनुभव और काम करने के तरीके से लाभ मिल सकता है। बिजनेस करने वालों के लिए नए क्लाइंट जोड़ने, पुराने ग्राहकों से संबंध बेहतर बनाने और पार्टनरशिप को व्यवस्थित करने का अच्छा समय है। शनि पांचवें भाव के स्वामी होकर सातवें भाव में हैं, इससे किसी रचनात्मक योजना या लंबे समय के बिजनेस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। हालांकि किसी भी नई पार्टनरशिप में शर्तें स्पष्ट रखें और जल्दबाजी में फैसला न लें।

धनु राशि

धनु राशि के जातकों के लिए बुध ग्यारहवें भाव और शनि चौथे भाव में गोचर कर रहे हैं। ग्यारहवां भाव लाभ, आमदनी, बड़े संपर्क और इच्छाओं की पूर्ति से जुड़ा है। चौथा भाव घर, प्रॉपर्टी, वाहन और पारिवारिक सुख का प्रतिनिधित्व करता है। इस स्थिति में बुध और शनि का संबंध धनु राशि वालों को करियर और आर्थिक मामलों में आगे बढ़ने के अवसर दे सकता है।

धनु राशि के लिए बुध सातवें और दसवें भाव के स्वामी हैं। ग्यारहवें भाव में उनका होना बिजनेस, नौकरी और पार्टनरशिप से लाभ मिलने के संकेत दे रहा है। नौकरीपेशा लोगों को किसी पुराने प्रोजेक्ट या संपर्क के जरिए फायदा मिल सकता है। बिजनेस करने वालों के लिए नए क्लाइंट और बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है। शनि दूसरे भाव के स्वामी होकर चौथे भाव में हैं, इसलिए परिवार की संपत्ति, घर या प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में भी सक्रियता बढ़ सकती है। घर से बिजनेस करने वालों को अपनी योजनाओं को व्यवस्थित करने का लाभ मिल सकता है। हालांकि प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेने से पहले दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए बुध दसवें भाव और शनि तीसरे भाव में गोचर कर रहे हैं। दसवां भाव करियर, नौकरी, बिजनेस और प्रतिष्ठा का है, जबकि तीसरा भाव साहस, पराक्रम, कम्युनिकेशन और अपने प्रयासों का प्रतिनिधित्व करता है। इन दोनों भावों के बीच बनने वाला संबंध मकर राशि वालों के लिए करियर में आगे बढ़ने का अवसर दे सकता है।

मकर राशि के स्वामी शनि हैं और वे दूसरे भाव के भी स्वामी हैं। तीसरे भाव में उनकी स्थिति मेहनत, साहस और अपने दम पर आगे बढ़ने की क्षमता को मजबूत कर सकती है। वहीं बुध नौवें भाव के स्वामी होकर दसवें भाव में स्थित हैं। इससे भाग्य और करियर के मामलों में सहयोग मिलने के योग बन रहे हैं। नौकरी में नई जिम्मेदारी, प्रमोशन या किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल सकता है। लेखन, मार्केटिंग, सेल्स, कम्युनिकेशन और मैनेजमेंट से जुड़े लोगों को फायदा हो सकता है। बिजनेस करने वाले जातक अपनी रणनीति में बदलाव करके नए अवसर हासिल कर सकते हैं। इस समय नियमित मेहनत और अनुशासित प्लानिंग आपके लिए तरक्की का रास्ता खोल सकती है।

कुंभ राशि

कुंभ राशि के जातकों के लिए बुध नौवें भाव और शनि दूसरे भाव में गोचर कर रहे हैं। नौवां भाव भाग्य, उच्च शिक्षा, लंबी यात्राओं और गुरु का है, जबकि दूसरा भाव धन, बचत और परिवार से जुड़ा है। इन दोनों भावों का संबंध कुंभ राशि वालों के लिए आर्थिक और शैक्षणिक मामलों में अच्छे संकेत दे रहा है।

कुंभ राशि के स्वामी शनि हैं। दूसरे भाव में उनकी स्थिति धन को व्यवस्थित करने, बचत बढ़ाने और लंबे समय की आर्थिक योजनाओं पर ध्यान देने में मदद कर सकती है। वहीं बुध पांचवें भाव के स्वामी होकर नौवें भाव में स्थित हैं। इससे उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रिसर्च और ज्ञान से जुड़े कामों में लाभ मिलने की संभावना है। विद्यार्थियों को नई दिशा मिल सकती है। विदेश में पढ़ाई या नौकरी की योजना बना रहे जातकों को प्रयास तेज करने का अवसर मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को किसी ट्रेनिंग, नई स्किल या उच्च शिक्षा के जरिए करियर में आगे बढ़ने का रास्ता मिल सकता है। आर्थिक मामलों में भी सोच-समझकर बनाई गई योजना भविष्य में फायदा दे सकती है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article