CBSE Class 12 Result 2026: मई का महीना शुरू हो चुका है और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई 12वीं के छात्रों की धड़कनें बढ़ना शुरू हो गई हैं। बीते 15 अप्रैल को सीबीएसई ने 10th का रिजल्ट जारी किया था और अब 12वीं के छात्रों को अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच बड़ी अपडेट छात्रों के लिए सामने आ रही है। सीबीएसई कक्षा 12 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल, 2026 तक आयोजित की गई थीं और अब जल्द ही 18 लाख से अधिक छात्रों का रिजल्ट का इंतजार खत्म होने वाला है। किसी भी वक्त बोर्ड की ओर से रिजल्ट की तारीख और समय का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।
क्या बोले सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक
हर साल की तरह इस बार भी छात्रों और उनके पैरेंट्स की नजरें रिजल्ट पर टिकी हुई हैं। बोर्ड ने कॉपियों की जांच का काम लगभग पूरा कर लिया है और अब रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज का कहना है कि मई के तीसरे सप्ताह में सीबीएसई 12वीं रिजल्ट घोषित किया जा सकता है। जैसे ही रिजल्ट जारी होगा, छात्र सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकेंगे। इसके लिए आपको अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड जैसी जरूरी जानकारी भरनी होगी। ध्यान रखें कि रिजल्ट के समय वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक होने की वजह से थोड़ी दिक्कत आ सकती है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। अगर वेबसाइट खुलने में दिक्कत आती है तो छात्र दूसरे तरीके भी अपना सकते हैं।
सीबीएसई 12वीं की मार्कशीट कहां से मिलेगी
छात्र DigiLocker और UMANG ऐप के जरिए अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बस लॉग इन करना होगा। आपको बता दें कि यह डिजिटल मार्कशीट पूरी तरह वैध होती है। इसे आगे एडमिशन या अन्य कामों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। छात्र SMS के जरिए भी सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपको सीबीएसई द्वारा जारी किए गए नंबर 77 38 299 899 पर अपना 12वीं का रोल नंबर भेजना होगा। इसके बाद मोबाइल पर रिजल्ट उपलब्ध करा दिया जाएगा।
रिजल्ट देखने के बाद सबसे जरूरी बात यह है कि आप अपनी मार्कशीट में दर्ज सभी डिटेल्स को ध्यान से चेक कर लें, जैसे नाम, रोल नंबर और सब्जेक्ट वाइज मार्क्स। अगर किसी तरह की गलती नजर आती है, तो तुरंत अपने स्कूल या बोर्ड से संपर्क करें। सीबीएसई 12वीं रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों को सलाह है कि वे घबराएं नहीं, किसी भी फर्जी सूचना पर भरोसा ना करें और सही जानकारी के लिए CBSE की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
