CBSE 12th Toppers List 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। रिजल्ट की घोषणा के साथ ही लंबे समय रिजल्ट की राह देख रहे छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। परीक्षा में शामिल हुए 18 लाख से अधिक छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद हर साल छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि इस बार देश में किसने टॉप किया है। आइए जानते हैं सीबीएसई कक्षा 12वीं के टॉपर्स लिस्ट के बारे में।
क्या सीबीएसई ने जारी की है 12वीं की टॉपर लिस्ट?
बीते सालों की तरह इस साल (2026) भी सीबीएसई ने आधिकारिक रूप से 'मेरिट लिस्ट' या 'टॉपर लिस्ट' जारी नहीं की है। बता दें कि 2020 में बोर्ड द्वारा आधिकारिक रूप से टॉपर्स लिस्ट जारी करना बंद कर दिया है। बोर्ड ने यह फैसला छात्रों के बीच अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा (Unhealthy Competition) को रोकने और उनके मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया। बोर्ड का मानना है कि केवल कुछ अंकों के अंतर से छात्रों की योग्यता का आकलन करना और उन पर दबाव बनाना उचित नहीं है। इसलिए, बोर्ड प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं करता है।
कैसे पता चलता है कि किसने किया टॉप?
जैसा की हमने बताया कि सीबीएसई बोर्ड आधिकारिक सूची जारी नहीं करता, लेकिन परिणाम आने के बाद स्कूल अपने स्तर पर अपने टॉपर्स की जानकारी साझा करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और स्कूलों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर हमें उन छात्रों के बारे में पता चलता है जिन्होंने 500 में से 499 या 500 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा, बोर्ड उन छात्रों को 'मेरिट सर्टिफिकेट' जरूर प्रदान करता है जो प्रत्येक विषय में शीर्ष 0.1 प्रतिशत (0.1%) अंक हासिल करते हैं। इससे छात्रों की पर्सन उपलब्धि की पहचान बनी रहती है।
मेरिट लिस्ट के साथ डिवीजन देना भी किया बंद
सीबीएसई अब 'रैंक' के बजाय समग्र प्रदर्शन और पास प्रतिशत पर अधिक फोकस करता है। बोर्ड द्वारा रिजल्ट की घोषणा के बाद अब पास प्रतिशत का डाटा और छात्र-छात्राओं के पास प्रतिशत का डाटा साझा किया जाता है। साथ ही किस क्षेत्र (Region) का रिजल्ट सबसे अच्छा रहा यह जानकारी भी शेयर की जाती है। बता दें कि मेरिट लिस्ट के साथ बोर्ड ने छात्रों को 'डिवीजन' देना भी बंद कर दिया है। अब केवल विषयों के अंक और ग्रेड ही मार्कशीट पर दिखाई देते हैं।
