शहर

बदायूं में डबल मर्डर से दहला इलाका, विधवा नानी और 8 साल के मासूम नाती की निर्मम हत्या, एक ही घर में मिले दोनों के शव

Badaun Double Murder News: मृतका की पहचान गांव की ही 50 वर्षीय विधवा महिला के रूप में हुई है, जबकि 8 वर्षीय मासूम उसका नाती बताया जा रहा है। दोनों एक ही घर में रहते थे।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Badaun Double Murder News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना बिनावर क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में दोहरे हत्याकांड की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक ही घर में 50 वर्षीय विधवा महिला और महज 8 साल के मासूम बच्चे के शव मिलने से गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गांव की ही 50 वर्षीय विधवा महिला के रूप में हुई है, जबकि 8 वर्षीय मासूम उसका नाती बताया जा रहा है। दोनों एक ही घर में रहते थे।

नानी और नाती की दर्दनाक हत्या

सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। इसके बाद एसएसपी डॉ. अंकिता शर्मा भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने के लिए कहा है।

हत्या के पीछे की वहज नहीं हो पाई साफ

पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। गांव में लूटपाट, पुरानी रंजिश और किसी अन्य साजिश समेत कई एंगल पर चर्चा हो रही है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसएसपी डॉ. अंकिता शर्मा ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं जो गांव में पूछताछ और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हैं।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किसने इस मासूम के सिर से मां का साया उजाड़ दिया? नानी और नाती की मौत के पीछे क्या है असली वजह? पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। गांव में इस समय मातम और डर का माहौल है। लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इस दोहरे हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article